Advertisement
31 August 2016

केजरीवाल के मंत्री का सेक्स वीडियो

गूगल

यह सेक्स वीडियो एक शख्स ने मुख्यमंत्री और मीडिया को भेजा है। इस पेन ड्राइव के साथ एक चिट्ठी भी भेजी गई है जिसमें लिखा गया है कि केजरीवाल के एक मंत्री की शक्ल जैसा व्यक्ति इस वीडियो में दिख रहा है, इसे देखते हुए केजरीवाल कार्रवाई करें। इसके कुछ देर बाद ही केजरीवाल ने संदीप कुमार को हटाने की जानकारी ट्वीट के जरिये दी।

अपने एक और मंत्री के इस प्रकार फंसने से आम आदमी पार्टी चिंता में है क्योंकि पार्टी पंजाब में अगले पांच महीने से पहले चुनाव का सामना करने जा रही है और पार्टी को वहां से बड़ी उम्मीदें हैं। हालांकि पार्टी पहले ही अपनी पंजाब इकाई के लोकप्रिय संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर को रिश्वत लेने के आरोप में पद से हटा चुकी है जिसके कारण पंजाब इकाई में विद्रोह हो गया है। अब संदीप कुमार का सेक्स वीडियो सामने आने से पार्टी और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इसके पहले पार्टी अपने एक और मंत्री को भ्रष्टाचार का ऑडियो सामने आने के बाद पद से हटा चुकी है। इसके अलावा केजरीवाल के करीबी मित्र गोपाल राय परिवहन मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इस्तीफे के पीछे वह स्वास्‍थ्य को कारण बता चुके हैँ मगर खराब स्वास्‍थ्य के बावजूद उन्होंने श्रम मंत्री का पद नहीं छोड़ा। विरोधियों का आरोप है कि परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने और इस बारे में उप राज्यपाल और भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के सक्रिय होने के बाद पार्टी की सलाह के कारण गोपाल राय को परिवहन मंत्री का पद छोड़ना पड़ा। मंत्रियों के अलावा केजरीवाल की पार्टी के कम से कम एक दर्जन विधायक किसी न किसी आरोप में पुलिस जांच का सामना कर रहे हैं। केजरीवाल के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती पर अपनी पत्नी के उत्पीड़न का आरोप है। एक मंत्री को फर्जी डिग्री के कारण जेल की हवा खानी पड़ी।

सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार विरोध और उच्च नैतिक मूल्यों की दुहाई देकर प्रचंड बहुमत से दिल्ली की सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार को इन मामलों से गहरा झटका लगा है। हालांकि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने संदीप कुमार की बर्खास्तगी के बाद मीडिया से कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और नैतिक आचरण को लेकर शून्य सहनशीलता की नीति पर चलती है। जब भी किसी मंत्री पर कोई आरोप लगा और पुख्ता सबूत सामने आए तो केजरीवाल ने मंत्री को हटाने में कोई समय नहीं लगाया। सिसौदिया ने कहा कि यही मापदंड खुद केजरीवाल और उनके ऊपर भी लागू होता है।

Advertisement

दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि संदीप कुमार का वीडियो सामने आना बताता है कि केजरीवाल के मंत्री कैसी गतिविधियों में लिप्त है। उन्होंने कहा कि यही आम आदमी पार्टी का असली चरित्र है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: दिल्ली सरकार, अरविंद केजरीवाल, संदीप कुमार, सेक्स वीडियो, बर्खास्त, मनीष सिसौदिया
OUTLOOK 31 August, 2016
Advertisement