Advertisement
15 June 2018

अमेरिका से इलाज करवाकर भारत लौटे सीएम पर्रिकर, संभाला कार्यभार

ANI

बीते ढाई महीने से इलाज के लिए अमेरिका में गए गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर गुरूवार को भारत लौट आए हैं और उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है।

 

अमेरिका से लौटने के एक दिन बाद पर्रिकर शुक्रवार सुबह सबसे पहले पणजी से 15 किलोमीटर दूर उत्तर गोवा में खंडोला गांव में देवकी कृष्ण मंदिर में ईष्ट देव का आशीर्वाद लेने गए। देवकी कृष्ण पर्रिकर के कुल देवता हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री पणजी आए जहां उन्होंने महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन किए। फिर वह राज्य सचिवालय में अपने दफ्तर गए जहां उन्होंने गोवा में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की।

Advertisement

मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर इस साल मार्च से पैनक्रियाज का इलाज करवाने के लिए अमेरिका में थे। उन्हें सबसे पहले मुंबई के लीलावती अस्पताल में इस बीमारी का पता चला था। उनकी गैर-मौजूदगी में कांग्रेस ने एक 'फुल टाइम' मुख्यमंत्री की मांग की थी। पर्रिकर की अनुपस्थिति में तीन सदस्यीय सलाहकार समिति सरकार के रोजाना कार्यों पर नजर रख रही थी।

इससे पहले मनोहर परिकर ने एक वीडियो संदेश के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा था कि वह आने वाले हफ्तों में अमेरिका से भारत वापस आ जाएंगे। इस वीडियो संदेश को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा कार्यकर्ताओं को संबोधित की जाने वाली एक बैठक में चलाया गया था। रिकॉर्ड किए हुए इस वीडियो में मुख्यमंत्री कहा था कि, 'मैं पिछले कुछ समय से आप सभी के साथ नहीं हूं क्योंकि मेरा इलाज चल रहा है। मैं अगले कुछ हफ्तों में गोवा वापस आ जाऊंगा।'  उन्होंने यह भी कहा था कि अपनी खराब सेहत की वजह से वह पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल नहीं हो पाया। 2019 लोकसभा चुनावों के लिए तैयार हो जाइए और देश प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी को वापस चाहता है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Goa, CM, Manohar Paririkar, resume, work
OUTLOOK 15 June, 2018
Advertisement