Advertisement
05 June 2024

डिम्पल यादव का हमला, "लोग समझ गये हैं कि भाजपा के हाथों में यूपी आगे नहीं बढ़ सकता"

समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से पार्टी सांसद डिम्पल यादव ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से आये परिणामों से जाहिर है कि लोग समझ चुके हैं कि भाजपा के हाथों में प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता। डिम्पल ने संवाददाताओं से बातचीत में उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, ''लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को नकार दिया है।''

उन्होंने कहा, ''चुनाव में रोजगार का मुद्दा था, किसानों का मुद्दा था, महंगाई और बिजली का मुद्दा था। पूरे प्रदेश में कोई भी विकास कार्य नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री की कोई दूरगामी सोच नहीं है। लोग समझ चुके हैं कि भारतीय जनता पार्टी के हाथों में प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता है।''

केन्द्र में विपक्षी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ की सरकार बनने की सम्भावना से जुड़े सवाल पर सपा सांसद ने कहा, ''मैं समझती हूं कि इंडिया गठबंधन बहुत ही मजबूत स्थिति में है। गठबंधन का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। अब यह नेताओं पर निर्भर करता है कि वह किस तरह का तालमेल बैठा लेते हैं।’’

Advertisement

इस सवाल पर कि क्या नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे, डिम्पल ने कहा, ''मैं इस बारे में कुछ कह नहीं सकती हूं क्योंकि यह समय ही बता पाएगा।''

लोकसभा चुनाव के मंगलवार को घोषित नतीजों में सपा ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 37 सीट पर जीत दर्ज की। इसके अलावा 'इंडिया' गठबंधन में उसकी सहयोगी कांग्रेस ने भी छह सीट जीती हैं। वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में धमाकेदार जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी को इस बार राज्य में 33 सीट मिली हैं।

डिम्पल ने मैनपुरी सीट से उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को 2,21,639 मतों से पराजित किया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Dimple yadav, BJP, Congress, Development of UP, loksabha election 2024
OUTLOOK 05 June, 2024
Advertisement