Advertisement
27 December 2023

भगवंत मान ने साधा भाजपा पर निशाना, कहा- "उनका बस चले तो वे राष्ट्रगान से ‘पंजाब’ शब्द को हटा देंगे"

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गणतंत्र दिवस परेड में राज्य की झांकी शामिल नहीं किए जाने को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इसे राष्ट्रगान से ‘पंजाब’ शब्द हटाने की ओर उठाया गया एक कदम करार दिया।

मान ने संवादाताओं से कहा, ‘‘अगर उनका बस चले तो वे राष्ट्रगान जन गण मन से ‘पंजाब’ शब्द को हटा देंगे।’’ उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस साल भी पंजाब की झांकी को 26 जनवरी पर गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं किया गया। मान ने आरोप लगाया,‘‘केंद्र ने पंजाब के साथ भेदभाव किया है।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब और दिल्ली दोनों ही चयनित झांकी वाली सूची में नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र विभिन्न मुद्दों को लेकर गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव कर रहा है।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि बुधवार को उन्हें केंद्र से एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें बताया गया कि पंजाब की झांकी को शामिल नहीं किया गया है। मान ने कहा कि उन्हें सिर्फ चयनित झांकियों की सूची के बारे में जानकारी दी गई है।उन्होंने कहा, ‘‘गणतंत्र दिवस के मौके पर हर वर्ष विभिन्न राज्य अपनी झांकियों के माध्यम से अपनी संस्कृति और परंपरा को दर्शाते हैं।’’

Advertisement

उन्होंने कहा कि इस वर्ष केंद्र ने राज्य को एक पत्र लिखकर झांकी के संबंध में हमारी इच्छा के बारे में जानकारी मांगी थी। चार अगस्त 2023 को हमने अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए एक पत्र लिखा। मान ने कहा, ‘‘हमने चयन के लिए पंजाब से तीन झांकियों का प्रस्ताव रखा, जिसके लिए डिजाइन भी दिए गए और हमारे अधिकारियों ने केंद्र के साथ इस संबंध में बैठकें भी कीं।’’

उन्होंने कहा,‘‘ये तीन झांकियां ‘पंजाब कुर्बानिया अते शहादतां दा इतिहास’, ‘नारी शक्ति: माई भागो’ (सिख धर्म की पहली महिला योद्धा) और ’पंजाब दा अमीर विरसा ते ओडी पेशकारी’ थीं।’’ मान ने कहा कि चयनित राज्यों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, राजस्थान, ओडिशा, मणिपुर, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गोवा, मेघालय, लद्दाख, कर्नाटक, झारखंड, गुजरात, छत्तीसगढ़, असम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। केंद्र पर सभी चीजों का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए मान ने कहा,‘‘मतलब 26 जनवरी और 15 अगस्त का भी भगवाकरण हो गया, भाजपाकरण हो गया, राजनीतिकरण हो गया।’’

मान ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में पंजाब की जिन झांकियों को केंद्र द्वारा शामिल नहीं किया गया वे अब पंजाब के गणतंत्र दिवस समारोह का हिस्सा होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘इन झांकियों पर हम ’’केंद्र द्वारा खारिज’ भी लिखेंगे।’’ केंद्र पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल भी पंजाब की कोई झांकी नहीं थीं और इस साल भी नहीं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। आप क्या हमारे साथ मजाक कर रहे हैं?’’

भाजपा की राज्य इकाई के नेताओं ने दावा किया कि जनवरी में गणतंत्र दिवस परेड के लिए कि राज्य की झांकी को आम आदमी पार्टी (आप)की सरकार की खुद की गलती की वजह से अयोग्य करार दिया गया क्योंकि सरकार ने पुरानी झांकी में मामूली बदलाव कर उसे ही पेश कर दिया था।
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bhagwant Mann, BJP, Congress, Bhagwat Mann attacked congress, Punjab, Loksabha election 2024
OUTLOOK 27 December, 2023
Advertisement