Advertisement
29 January 2016

सोनोवाल के नेतृत्व में असम में भाजपा को बड़ी जीत की उम्मीद

गूगल

मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित होने के बाद सोनोवाल ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है और उस भरोसे पर पूरी तरह से खरा उतरने की कोशिश करूंगा। तिरपन साल के सोनोवाल की पहचान असम के जुझारू नेताओं में होती है। भारतीय जनता पार्टी में आने से पहले सोनोवाल असम गण परिषद से जुड़े रहे हैं। असम छात्र यूनियन के अध्यक्ष रह चुके सोनोवाल की युवाओं में अच्छी पकड़ मानी जाती है। पहले विधायक फिर सांसद बने सोनोवाल साल 2011 में भाजपा से जुड़े और साल 2012 में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बने। लगातार दूसरी बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने वाले सोनोवाल को नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में भी शामिल किया और खेल मंत्री के रूप में जिम्मेवारी सौंपी।

भाजपा महासचिव जेपी नड्डा का कहना है कि असम की जनता सोनोवाल को राष्ट्रीय नायक के तौर पर जानती है। युवाओं के बीच अच्छी पकड़ के कारण सोनोवाल को असम की जिम्मेवारी दी गई है। नड्डा कहते हैं कि सोनोवाल के नेतृत्व में असम में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इससे पहले बिहार में भाजपा ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं घोषित किया था जिससे पार्टी की करारी हार हुई थी। असम के अलावा पार्टी पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में किसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा इसको लेकर कोई रणनीति नहीं बनी है। भाजपा नेताओं के मुताबिक असम में पार्टी को बड़ी जीत की उम्मीद है इसलिए सबसे ज्यादा फोकस असम पर ही होगा। उसके बाद अन्य राज्यों में पार्टी अपने वोट बैंक बढ़ाने के लिए जी-जान से जुटेगी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: सर्वानंद सोनोवाल, असम, भाजपा, नरेंद्र मोदी, विधानसभा चुनाव, अमित शाह
OUTLOOK 29 January, 2016
Advertisement