Advertisement
15 November 2020

नई सरकार में टूट गई नीतीश की 15 साल की जोड़ी, 'मोदी' का छलका दर्द

फाइल फोटो

नीतीश कुमार बिहार के 37वें मुख्यमंत्री पद के रूप में कल यानी सोमवार की शाम 4 बजे शपथ ग्रहण करेंगे। रविवार को हुई एनडीए की बैठक में नीतीश को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और चौहान ने उन्हें इसके लिए न्योता दिया। यानी नीतीश कुमार सातवीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। इन सबके बीच उपमुख्यमंत्री को लेकर संशय अभी भी बरकरार है। हालांकि, तारकिशोर प्रसाद को बीजेपी के विधानमंडल दल (विधान परिषद और विधानसभा) का नेता चुना गया है। अब ये तय हो गया है कि बीच के कुछ साल छोड़ बीते 15 साल से जमी नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी की जोड़ी टूट गई है। बीजेपी नए उपमुख्यमंत्री की तलाश में है। ऐसा इस लिए भी माना जा रहा है क्योंकि इस चुनाव में पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिली है और 2025 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ये सियासी पिच तैयार किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री को लेकर कई नाम रेस में आगे चल रहे हैं। इसमें सबसे प्रमुख नाम प्रेम कुमार और कामेश्वर चौपाल का है। हालांकि, अभी पार्टी की तरफ से इसकी घोषणा नहीं की गई है। 

सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर एक तरफ पार्टी का आभार व्यक्त किया है वहीं उनके ट्वीट में दर्द भी छलका है। सुशील मोदी ने कहा है कि उनसे कोई पार्टी कार्यकर्ता का पद तो नहीं हीं छिन सकता। मोदी ने ट्वीट कर कहा, "भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।"

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को 125 सीटें मिली है जबकि भारतीय जनता पार्टी बड़ी पार्टी बनते हुए 74 सीटें पाने में कामयाब रही। जेडीयू को महज 43 सीटें मिली है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की अगुवाई वाली महागठबंध के खाते में 110 सीटें गई है और राजद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी को 75 सीटें मिली है।

Advertisement

उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी और सीएम नीतीश कुमार की जोड़ी बिहार की सत्ता में हिट रही है। ऐसे दोनों पार्टी के नेताओं का मानना रहा है कि मोदी और कुमार के बीच कभी अनबन या कुछ इस तरह की खबरें नहीं आई। नीतीश कुमार मोदी के साथ काम करने में सहज महसूस करते रहे हैं। लेकिन, अब सुशील कुमार मोदी को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। खबरों की दुनिया और सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा है कि मोदी  को बिहार के राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी मिल सकती है। अब देखना होगा कि नीतीश के नए सहयोगी कौन होंगे, जो इस डबल इंजन सरकार को चलाने में साथ देंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar Assembly Election 2020, Nitish Kumar, Next Deputy CM of Bihar, बिहार चुनाव, नीतीश कुमार, सुशील कुमार मोदी, बिहार के अगले उपमुख्यमंत्री
OUTLOOK 15 November, 2020
Advertisement