Advertisement
19 January 2022

अखिलेश यादव लड़ेंगे यूपी विधानसभा का चुनाव, सीट पर जल्द होगा फैसला

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सूबे की सियासी जंग दिलचस्प होती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से चुनाव मैदान में उतरने के बाद अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भी विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा है।

जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी। हालांकि, वह किस सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे इसका निर्णय होना बाकी है।

अखिलेश यादव अभी आजमगढ़ से लोकसभा सांसद हैं। यदि वे चुनाव लड़ते हैं तो यह उनका पहला विधानसभा चुनाव होगा। पिछली विधानसभा में वो विधान परिषद के सदस्य थे। हाल ही में मीडिया द्वारा उनसे पूछा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस बार चुनाव लड़ रहे हैं तो क्या आप भी इस बार चुनाव लड़ेंगे? इसके उत्तर में अखिलेश ने कहा था कि समाजवादी पार्टी जहां से कह दे कि मैं वहां से चुनाव लड़ लूंगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। यहां 7 चरणों में चुनाव होंगे। यूपी में इन चरणों के तहत 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे। पहले चरण की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों से होगी और धीरे-धीरे कारवां बढ़ते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश पर जाकर खत्म होगा। पहले चरण में 58 और आखिरी चरण में 64 विधानसभा सीटों में वोटिंग होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: UP Assembly Election 2022, Samajwadi Party, Akhilesh Yadav, यूपी विधानसभा चुनाव, उत्तर प्रदेश, अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी
OUTLOOK 19 January, 2022
Advertisement