Advertisement
05 October 2015

तीन वैज्ञानिकों को चिकित्सा का नोबेल

गूगल

आयरलैंड में जन्मे विलियम कैंपबेल, जापान के सातोशी ओमुरा और चीन की यूयू तु वोन को परजीवियों से पैदा होने वाली बीमारियों का इलाज खोजने को लेकर इस वर्ष चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार दिया जाएगा। स्वीडन के कारोलिन्स्का इंस्टीट्यूट स्थित नोबेल एसेंबली ने बताया कि कैंपबेल और ओमुरा को राउंडवर्म परजीवियों द्वारा होने वाले संक्रमण का इलाज खोजने को लेकर आधी पुरस्कार राशि में बराबर बराबर हिस्सा मिलेगा जबकि बाकी की आधी राशि तु को मिलेगी जिन्होंने मलेरिया के इलाज संबंधी खोज किए हैं।

नोबेल एसेंबली की ओर से जारी बयान के अनुसार, कैंपबेल और ओमुरा ने एक नयी दवाई एवेरमैक्टिन खोजी है, जिसके यौगिकों ने रिवर ब्लाइंडनेस और लिम्फैटिक फिलारिआसिस की घटनाओं को काफी हद तक कम करने में सफलता पाई है और साथ ही अन्य परजीवी बीमारियों के खिलाफ भी प्रभावी है।

बयान के मुताबिक, दूसरी ओर 84 वर्षीय तु ने एक दवाई अर्टेमाइसिनिन खोजी है जिसके कारण मलेरिया से होने वाली मौतों में प्रभावी रूप से कमी आई है। चीन की इस महिला वैज्ञानिक ने चीनी पारंपरिक प्राकृतिक दवाओं के आधार पर अपनी खोज की है। समिति ने कहा, इन दोनों खोजों ने मानवता को इन बीमारियों से लड़ने का नया शक्तिशाली तरीका दिया है, जिनसे हर साल लाखों लोग प्रभावित होते थे। इसके कारण मानव स्वास्थ्य में आई बेहतरी और लोगों की तकलीफों में हुई कमी को मापा नहीं जा सकता।

Advertisement

नोबेल पुरस्कारों की घोषणा इस पूरे सप्ताह जारी रहेगी। भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल की घोषणा कल की जाएगी जबकि रसायन शास्त्र के नोबेल पुरस्कार की घोषणा बुधवार को होगी। बृहस्पतिवार को साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा होगी। शुक्रवार को ओस्लो में नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा होगी जबकि 12 अक्टूबर को अंतिम नोबेल पुरस्कार, अर्थशास्त्र के नोबेल की घोषणा की जाएगी। इन चुनी गई हस्तियों को 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में आयोजित एक औपचारिक समारोह में नोबेल पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। नोबेल शांति पुरस्कार देने के लिए 10 दिसंबर को ही ओस्लो में अलग समारोह का आयोजन किया जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: नोबेल पुरस्कार, विलियम सी कैंपबेल, सातोशी ओमूरा, यूयू तू, मलेरिया का इलाज, Nobel Prize, William C. Campbell, Satoshi Ōmura, Youyou tu, malaria cure
OUTLOOK 05 October, 2015
Advertisement