Advertisement
30 March 2015

राजद में नेतृत्व का अभाव है: पप्पू यादव

आउटलुक

आप अपनी ही पार्टी के खिलाफ कदम क्यों‍ उठा रहे हैं?
मैं अपनी पार्टी के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा रहा हूं। बल्कि पार्टी की जो नीतियां हैं उनके बारे में बता रहा हूं। हम सामाजिक न्याय की लड़ाई लडऩे वाले लोग हैं। प्रदेश में दलित के हाथ में नेतृत्व था तो इसमें गलत क्या‍ था? हमें सहयोग करना चाहिए।
आपके विरोध के बावजूद राजद प्रमुख लालू यादव ने कोई निर्णय नहीं लिया?
नहीं लिया तो इसका फैसला जनता करेगी। मेरा तो मानना है कि अब सामाजिक न्याय का नारा बिखर गया है। राजनीतिक महत्वाकांक्षा हावी हो गई है। इसलिए जनता ही असली फैसला करेगी।
तो क्या‍ आप लालू यादव को नेता नहीं मानते?
बिल्कुल मानता हूं लेकिन यह भी कहना है कि अब वह चुनाव लड़ नहीं सकते तो कमान किसी और को सौंपें। पार्टी में नेतृत्व का अभाव है। नौजवान बदलाव चाहता है। पार्टी में संगठन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। कुछ बड़े फैसले लेने होंगे और मेरी लालू जी से यही अपेक्षा है कि कोई फैसला लें।
तो क्या‍ आप राजद छोड़ रहे हैं?
ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया है।
आप पूर्व मुख्य‍मंत्री जीतनराम मांझी के समर्थन में खड़े हैं, क्या‍ प्रदेश में कोई नया समीकरण बन रहा है?
नई संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर हम सामाजिक न्याय की बात कर रहे हैं तो हमारे लिए सभी बराबर होने चाहिए। प्रदेश को नई राजनीतिक दिशा की जरूरत है।
भाजपा के बारे में आपकी क्या‍ राह है?
भाजपा आपस में ही लडऩे वाली पार्टी है। नरेंद्र मोदी के नाम पर लोकसभा का चुनाव जीता जा सकता है, बिहार विधानसभा का नहीं। आज भी भाजपा रामविलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा के सहारे बिहार में जीत के सपने देख रही है जो संभव नहीं दिखता।

क्या आपको लगता है कि बिहार में सियासत में कुछ नया होने वाला है?

बिल्कुल होने वाला है। बिहार का युवा बदलाव चाहता है। इस राज्य में जो भ्रष्ट व्यवस्‍था है उसमें बदलाव चाहता है। जब तक नया नेतृत्व नहीं होगा तब तक बदलाव नहीं होगा। जनता को दिग्‍भ्रमित करके ज्यादा दिन तक शासन नहीं किया जा सकता। सामाजिक न्याय के जो चिंतक थे वह अब बदले-बदले नजर आ रहे हैं। विचारधारा खत्म हो रही है। इसलिए मुझे लगता है कि प्रदेश को नई दिशा की जरूरत है। जो इस विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बिहार, पप्पू यादव, लालू यादव, राजद, जीतनराम मांझी, भाजपा
OUTLOOK 30 March, 2015
Advertisement