Advertisement
08 February 2024

टीडीपी और बीजेपी मिलाएंगे हाथ? चंद्रबाबू नायडू अमित शाह से मिले

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। यह मुलाकात इन संकेतों के बीच हुई कि दोनों दल आगामी चुनावों में आंध्र प्रदेश में हाथ मिला सकते हैं।

आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे। नायडू ने शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में नड्डा भी मौजूद थे।

यदि नायडू भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में आते हैं, तो वह जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस खेमे में शामिल होने के बाद दूसरे प्रमुख क्षेत्रीय नेता होंगे।

Advertisement

सूत्रों ने कहा कि तेदेपा अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नायडू भाजपा के साथ हाथ मिलाने के इच्छुक हैं वहीं सत्तारूढ़ दल के एक तबके का मानना है कि नायडू के साथ गठबंधन से राजग को वाईएसआर कांग्रेस शासित राज्य में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है लेकिन यह इस बात पर निर्भर करेगा कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी तेदेपा कितनी सीट देने पर सहमत होती है, खासकर लोकसभा चुनाव में।

दोनों ने 2014 का चुनाव एक साथ लड़ा था जब तेलंगाना औपचारिक रूप से आंध्र प्रदेश से अलग नहीं हुआ था। भाजपा ने तब संयुक्त आंध्र प्रदेश की 42 में से तीन सीट पर चुनाव लड़ा था और सभी पर जीत हासिल की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: TDP, BJP, TDP and BJP alliance, Loksabha election 2024, Chandrababu Naidu, Amit shah
OUTLOOK 08 February, 2024
Advertisement