Advertisement
05 October 2021

लखीमपुर खीरी: हिरासत में नहीं गिरफ्तार हैं प्रियंका गांधी, लखनऊ एयरपोर्ट पर सीएम भूपेश बघेल का धरना

ट्विटर

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी मामले पर सियासी बवाल जारी है। अब लखनऊ एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रोक लिया गया है, जिसके बाद वह वहीं बैठ गए हैं। सीएम भूपेश बघेल लखनऊ से सीतापुर जाकर प्रियंका गांधी से मिलना चाहते थे, वहीं से उनका लखीमपुर खीरी जाने का प्लान था।

भूपेश बघेल ने वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह पुलिस अधिकारियों से पूछते हैं कि उनको क्यों रोका जा रहा है। बघेल कहते हैं कि वह लखीमपुर नहीं जा रहे हैं और लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर जा रहे हैं, फिर भी उनको क्यों रोका जा रहा है जबकि धारा 144 सिर्फ लखीमपुर खीरी में लगी है।

आजतक की खबर के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्हें सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस में ही गिरफ्तार करके रखा गया है। प्रियंका गांधी को सोमवार तड़के लखीमपुर के पास हरगांव में हिरासत में लिया गया था। प्रियंका तब से ही गेस्ट हाउस में हैं, लेकिन अब खबर मिली है कि प्रियंका के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

Advertisement

 

सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस समर्थकों का विरोध जारी है, जहां पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिया गया था। प्रियंका को कल हिरासत में लिया गया था जब वह लखीमपुर खीरी जा रही थीं। इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों के मारे जाने की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया गया। मंत्री के पुत्र की गिरफ्तार क्यों नहीं हुई। पिछले 30 घंटे से भी अधिक समय से उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत में मौजूद प्रियंका ने प्रधानमंत्री से ये सवाल उस वक्त किए हैं जब वह लखनऊ में न्यू अर्बन इंडिया थीम पर आयोजित तीन दिवसीय कॉन्क्लेव की शुरुआत करने लखनऊ पहुंचे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Uttar Pradesh, Political ruckus, Lakhimpur Kheri, Priyanka Gandhi, Bhupesh Baghel, Lucknow airport
OUTLOOK 05 October, 2021
Advertisement