Advertisement
23 July 2022

उत्तराखंडः व्हिप जारी न होने का कांग्रेस विधायकों ने उठाया फायदा, क्रास वोटिंग कर मूर्मू के पक्ष में किया मतदान

FILE PHOTO

देहरादून। महामहिम राष्ट्रपति चुनी जा चुकी द्रोपदी मुर्मू की जीत में उत्तराखंड कांग्रेस ने भी अपना योगदान दिया है। धड़ों में बंटी कांग्रेस के एक विधायक ने तो सीधे तौर मूर्मू के पक्ष में मतदान किया तो एक दूसरे विधायक ने अपने मतपत्र का इस तरह से इस्तेमाल किया कि उसे अमान्य कर दिया गया। मतगणना के बाद यह रहस्य सामने आया तो सूबे के कांग्रेसी दिग्गजों में हड़कंप सा मचा है। दावे किए जा रहे हैं कि इस काली भेड़ की पहचान कर ली जाएगी। खास बात यह भी है कि व्हिप जारी न होने के वजह से पहचान के बाद भी कांग्रेस इस विधायक का कुछ बिगाड़ नहीं पाएगी।

उत्तराखंड विस में कांग्रेस के 19 विधायक है। भाजपा के पास 47 विधायक हैं तो बसपा के दो और दो ही निर्दलीय उसके समर्थन की बात कर चुके हैं। इस लिहाज से विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा तो इस उत्तराखंड राज्य से 19 वोट तो मिलने ही चाहिए थे। एक विधायक तिलकराज बेहड़ बीमारी की वजह से नहीं आ सके तो भी 18 वोट मिलने चाहिए थे। लेकिन सिन्हा को उत्तराखंड से महज 15 वोट ही मिले।

एक विधायक राजेंद्र भंडारी सामान्य हालात होने के बाद भी वोट डालने नहीं आए। ऐसे में यह माना जा रहा था कि सिन्हा तो 17 वोट तो मिलेंगे ही। लेकिन नतीजों ने कांग्रेस नेताओं को चौंका दिया। सिन्हा को महज 15 वोट ही मिले। एक विधायक ने अपने मतपत्र का पता नहीं कैसे इस्तेमाल किया कि उसे अमान्य कर दिया गया। अप्रत्याशित रूप से सामने आया कि किसी एक कांग्रेसी विधायक ने क्रास वोटिंग करके मूर्मू के पक्ष में मत दिया।

Advertisement

इस खुलासे के बाद कांग्रेसी खेमे में हड़कंप मचा है। प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से कहा कि पता लगाया जाए कि वह काली भेड़ कौन है, जिसने पार्टी लाइन के खिलाफ काम किया है। आर्य कह रहे हैं कि विधायक की पहचान करके उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सवाल यह भी है कि अगर पहचान हो भी जाती है तो विधायक का क्या बिगड़ने वाला है। इस चुनाव में व्हिप जारी नहीं होता है। लिहाजा उनकी सदस्यता पर किसी तरह की आंच आने वाली नहीं है। अगर कांग्रेस उसे निष्कासित भी करती है तो भाजपा उसका स्वागत करने को तैयार ही बैठी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 23 July, 2022
Advertisement