Advertisement
21 November 2017

अयोध्याः कल पहली बार मेयर चुनने के लिए डालेगा वोट

उत्तरप्रदेश शहरी निकाय चुनावों के पहले चरण में कल यानी बुधवार को 24 जिलों में वोट डाले जाएंगे। इनमें अयोध्या भी शामिल है। यहां के लोग पहली बार मेयर चुनने के लिए वोट डालेंगे। अयोध्या-फैजाबाद नगर निगम फैजाबाद जिले का हिस्सा है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने इसी साल मई में दो नए नगर निगम अयोध्या-फैजाबाद और मथुरा-वृन्दावन का निर्माण किया था। प्रदेश में अब कुल 16 नगर निगम हैं।

मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में भी कल वोट डाले जाएंगे। इन चुनावों के मद्देनज़र, योगी और सत्तारूढ़ भाजपा ने अयोध्या को काफी महत्व दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत भी इसी धर्मनगरी से 14 नवंबर को की थी।

पिछले महीने छोटी दीवाली के मौके पर 18 अक्टूबर को यहां भव्य कार्यक्रम हुआ था। इसमें मुख्यमंत्री योगी और उनके कई कैबिनेट सहयोगी शामिल हुए थे। देश और विदेश के कलाकारों और समूहों ने प्रस्तुति दी थी। योगी सरकार ने अयोध्या में सरयू नदी के तट पर करीब 100 मीटर ऊंची भगवान राम की प्रतिमा बनाने का भी प्रस्ताव रखा है, जिसपर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

Advertisement

अयोध्या में अपनी प्रथम चुनावी सभा के बाद, योगी ने प्रदेश के कई जिलों में सभाएं की। योगी और भाजपा के लिए यह चुनाव नाक का सवाल बन गए हैं, क्योंकि भगवा पार्टी करीब 15 साल बाद राज्य की सत्ता में इसी साल आई है। प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में भाजपा का हमेशा से दबदबा रहा है, परन्तु योगी के सामने जीत बरकरार रखने से ज्यादा चुनौती जीत के अंतर को बढ़ाने की है।

यही कारण है कि योगी ने खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है, जबकि दूसरे दलों के शीर्ष नेता चाहे वे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव हों या बसपा सुप्रीमो मायावती ने इन चुनावों से दूरी बना रखी है। दूससे और तीसरे चरण की वोटिंग 26 और 29 नवंबर को होगी। नतीजे एक दिसंबर को आएंगे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: यूपी, अयोध्या, निकाय चुनाव, मतदान, UP, Ayodhya, civic poll, Voting
OUTLOOK 21 November, 2017
Advertisement