Advertisement
09 August 2018

मराठा आंदोलन के दो साल पूरे होने पर आज महाराष्ट्र बंद, सुरक्षा बढ़ी

ANI

महाराष्ट्र में आज फिर बंद का एलान किया गया है। इसे देखते हुए फडणवीस सरकार सतर्क हो गई है। दरअसल आज मराठा आंदोलन के दो साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर आरक्षण मुद्दे पर मराठा संगठनों ने महाराष्ट्र बंद करने का फैसला लिया है। 

 समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सकल मराठा समाज के नेता, अमोल जाधवराव ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यव्यापी बंद शांतिपूर्ण ढंग से सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। हालांकि, नवी मुंबई में बंद नहीं किया जाएगा।

 जाधवराव ने कहा, "हमने 9 अगस्त को राज्यव्यापी बंद करने के लिए कहा है। कुछ संवेदनशील मुद्दों के कारण नवी मुंबई में बंद नहीं किया जाएगा। आवश्यक सेवाओं, स्कूलों और कॉलेजों को हमारे द्वारा बुलाए गए बंद से बाहर रखा गया है।"

Advertisement

 उन्होंने समुदाय के सदस्यों से इस मुद्दे पर आत्महत्या ना करने और शांति बनाए रखने का भी आग्रह किया।

 इस बीच, किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए पुलिस अधिकारियों को राज्य भर में तैनात किया गया है। मुंबई पुलिस पीआरओ के मंजुनाथ शिंगे ने कहा, "बंद को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए पर्याप्त पुलिस तैनाती की गई है।"

 डॉ बाबासाहेब अम्बेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय, औरंगाबाद के सभी विभाग और संबद्ध कॉलेज भी इस दौरान बंद रहेंगे।

बता दें कि मराठा समुदाय राज्य भर में सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग कर रहा है। पिछले दिनों मराठा क्रांति मोर्चा आरक्षण की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए सड़कों पर आया था। इसके कुछ सदस्यों इस दौरान आत्महत्या भी की थी।

इससे पहले, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार कानून के अनुसार मराठा समुदाय को आरक्षण प्रदान करेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Security, upped, ॉMaharashtra braces, Maratha bandh
OUTLOOK 09 August, 2018
Advertisement