Advertisement
25 May 2018

भाजपा के मैदान छोड़ने के बाद कांग्रेस के रमेश कुमार चुने गए स्पीकर

कांग्रेस के केआर रमेश कुमार सर्वसम्मति से कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उनके खिलाफ उतरे भाजपा के पांच बार के विधायक रहे एस सुरेश कुमार ने नाम वापस ले लिया। बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष पद की गरिमा बनाए रखने के लिए हमने अपने प्रत्याशी का नाम वापस ले लिया है।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही प्रोटेम स्पीकर केजी बौपेया अध्यक्ष के चुनाव की बात कही। इसके बाद बाद भाजपा के सुनील कुमार ने कहा कि वह सुरेश कुमार के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए नहीं कर रहे हैं।

इसके बाद रमेश कुमार के नाम का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया ने किया जिसका समर्थन उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने किया। इसके बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और भाजपा नेता रमेश कुमार को अध्यक्ष की कुर्सी तक लेकर गए।

Advertisement

रमेश कुमार इससे पहले भी 1994 से 1999 तक विधानसभा के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस दौरान एचडी देवेगौड़ा और जेएच पटेल राज्य के मुख्यमंत्री थे। विधानसभा पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि उन्हें बहुमत साबित करने को लेकर को तनाव नहीं है।

इससे पहले विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के अलावा वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार और विधायक आनंद सिंह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी शुक्रवार को बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे। माना जा रहा है इसके बाद सूबे मे मचा सियासी हंगामा काफी हद तक काबू में आ जाएगा। जेडीएस-कांग्रेस-बसपा गठबंधन के नेता कुमारस्वामी ने बुधवार को विपक्ष के दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Ramesh, Kumar, elected, Karnataka, Assembly, Speaker
OUTLOOK 25 May, 2018
Advertisement