Advertisement
01 October 2018

विवेक तिवारी मसले पर ट्विट, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर मामला दर्ज

जाति और धर्म के आधार पर समाज में वैमनस्य फैलाने के आरोपो के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केंजरीवाल के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ यह शिकायत उच्चतम न्यायालय में वकील और भाजपा प्रवक्ता अश्वनी उपाध्याय ने दिल्ली के तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार लखनऊ में पुलिस की गोली से मारे गए एप्पल के कर्मचारी विवेक तिवारी प्रकरण में अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए ट्वीट आपत्तिजनक थे।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस ने यह मामला भारतीय दंड सहिंता यानी आईपीसी की 153A, 295A, 504 तथा  505 और आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत दर्ज किया है। इस शिकायत में अरविंद केजरीवाल पर जाति और धर्म के आधार पर वैमनस्य फैलाने और भाजपा नेताओं को बदनाम करने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से पहले अश्वनी उपाध्याय ने एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल से माफी मांगने की अपील की थी और न मांगने पर परिणाम भुगतने को तैयार रहने के लिए कहा था।

क्या कहा था अरविंद केजरीवाल ने?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एपल कंपनी के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मारने के मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा था।

Advertisement

केजरीवाल ने भाजपा से पूछा कि विवेक तिवारी तो हिंदू था, फिर उसे क्यों मारा गया। इस घटना के बाद यूपी पुलिस की हर जगह किरकिरी हो रही है।

लखनऊ शूटआउट को लेकर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह ट्वीट कर कहा, 'अपनी आंखों से पर्दा हटाइए। भाजपा हिंदुओं की हितैषी नहीं है। सत्ता पाने के लिए अगर इन्हें सारे हिंदुओं का क़त्ल करना पड़े, तो ये दो मिनट नहीं सोचेंगे।’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: विवेक तिवारी, अरविंद केजरीवाल, Arvind Kejriwal, Vivek tiwari
OUTLOOK 01 October, 2018
Advertisement