Advertisement
04 January 2018

मुंबई में फिर एक बिल्डिंग में लगी आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

File Photo

मुंबई धीरे-धीरे हादसों का शहर बनता जा रहा है। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है कि मुंबई में एक ही हफ्ते में आग लगने की दूसरी घटना सामने आई है। कमला मिल्स हादसा के बाद अब मरोल इलाके में बुधवार की रात मैमून बिल्डिंग में आग लग गई। घटना में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 9 लोग घायल हुए हैं।

 


Advertisement

 

मामले की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर रात ही घटनास्थल पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। यह भवन मरोल इलाके में है।

 

अधिकारी ने बताया कि अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चला है और घटना की जांच के बाद इसके कारणों का पता चलेगा। मरने वालों की पहचान सकीना कपासी (14), मोइन कपासी (10), तसलीम कपासी (42) और दाऊद कपासी (80) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी एक ही परिवार से बताए गए हैं।


बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आपदा प्रबंधन इकाई के एक अधिकारी ने कहा, ‘मुंबई दमकल विभाग को बुधवार देर रात 2:10 बजे फोन पर सूचना मिली कि अंधेरी पूर्व में मरोल की मैमून मंजिल नामक इमारत के चौथे माले पर आग लग गई है, जिसके बाद हमारे दमकलकर्मी साजोसामान और एंबुलेंस के साथ 2:34 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुट गए।’

उन्होंने कहा, दमकल कर्मियों ने सुबह 4:20 बजे तक सभी तरफ से आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास ही के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पांच लोग झुलस गए हैं और उन्हें होली स्प्रिट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

बता दें कि इससे पहले 28 दिसंबर को कमला मिल्स कंपाउंड में लगी भीषण आग में 14 लोगों की मौत हुई थी और 50 से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mumbai, four dead, many injured, fire breaks out, Marol
OUTLOOK 04 January, 2018
Advertisement