Advertisement
23 September 2018

सपा की रैली में बोले मुलायम, बूढ़ों का करेंगे सम्मान तो पार्टी कभी बूढ़ी नहीं होगी

File Photo

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की साइकिल यात्रा के समापन समारोह में दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी रैली हुई। इस रैली में अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव समेत पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर जुटे। लंबे समय बाद अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव दोनों एक ही मंच पर दिखाई दिए। 

साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राफेल डील विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मामले में जांच की मांग की। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं राफेल डील पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन किया जाए। जेपीसी के बगैर सच सामने नहीं आएगा। अब यह एक वैश्विक मुद्दा बन चुका है।'

मुलायम ने कहा- बूढ़ों का करें सम्मान

Advertisement

वहीं, रैली में मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूढ़ों का सम्मान करें, समाजवादी पार्टी कभी बूढ़ी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि लड़कियों को समाजवादी पार्टी में शामिल करें। पार्टी में लड़कियों को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। नौजवानों से कहा, बेदाग रहना, नेता बन जाओगे।

इस दौरान मुलायम सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 15 लाख देने का वादा किया था। लेकिन मोदी सरकार ने एक रुपया नहीं दिया। सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई।

आधी आबादी के बगैर लोकतंत्र अधूरा: अखिलेश यादव

पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रैली को संबोधित करते हुए सबसे पहले नेताजी का आभार जताया। अखिलेश ने कहा कि मौसम अच्छा है, सभी को आज साइकिल चलानी चाहिए थी। सामाजिक न्याय यात्रा और नेताजी के आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिली है। साइकिल का एक पहिया अम्बेडकर विचारधारा और दूसरा लोहिया विचारधारा का है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के बिना लोकतंत्र अधूरा है।

अखिलेश यादव ने पीएम मोदी की नोटबंदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्या नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हुआ। जीएसटी और नोटबंदी से रोजगार छीना गया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार कहती है, पकौड़ा बनाओ और नाली से गैस जलाओ। अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है। बच्चे मर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी दलितों को सम्मान दिलाएगी। रैली में बारिश से काफी परेशानी हुई। बारिश की वजह से भीड़ भी कम जुट पाई।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: JPC, sp, Akhilesh Yadav, samajwadi party, jantar mantar
OUTLOOK 23 September, 2018
Advertisement