Advertisement
25 May 2018

होटल विवाद: "मेजर गोगोई ने दी थी घर पर दबिश", महिला के परिवार का आरोप

FILE PHOTO

कश्मीर में एक युवक को जीप की बोनट से बांधकर ‘मानव ढाल’ बनाने वाले मेजर गोगोई श्रीनगर के होटल मामले में फंसते जा रहे हैं। बुधवार को एक होटल में महिला के साथ घुसने को लेकर हुए विवाद के बाद मेजर गोगोई को पुलिस ने थोड़ी देर के लिए हिरासत में ले लिया था। इस बीच महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि मेजर गोगोई और ड्राइवर समीर महिला के घर में बिनाकारण घुस आए थे और इस दौरान ये दोनों सिविल ड्रेस में थे।

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक बडगाम के एक गांव में रहने वाली महिला की मां ने कहा कि आर्मी के लिए काम करने वाला समीर 20 दिन पहले आधी रात को उनके घर में जबरन घुस आया, उसके साथ मेजर गोगोई भी थे। महिला ने आगे कहा कि इन लोगों ने पूछा कि उन्हें कोई धमका तो नहीं रहा! वे समझ नहीं पाई कि वह क्या कह रहे हैं। वे तुरंत चले भी गए।

महिला की मां ने कहा, “मेरी बेटी को फंसाया जा रहा है, वह अभी बच्ची है।”

Advertisement

बता दें कि बुधवार को मेजर गोगोई को श्रीनगर के एक होटल में एक लड़की के साथ पकड़ा गया था। होटल स्टाफ उन्हें कमरा देने से इनकार कर रहा था, जिसके बाद मेजर की स्टाफ से बहस हुई। इस बीच  पुलिस ने मेजर को हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें उनकी यूनिट को सौंप दिया गया। पुलिस ने गोगोई, समीर अहमद और महिला से पूछताछ की।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक महिला की मां ने कहा कि वह सुबह घर से यह कह कर निकली थी कि बैंक जा रही है और उसके बाद नहीं लौटी। उन्हें तो इस घटना का पता तब चला, जब पुलिस का फोन गांव के सरपंच के पास आया। लड़की की मां ने दावा किया कि मेजर गोगोई उनके घर रात में दो बार आ चुके थे। उन्होंने घर में दो बार छापा मारा था। सेना को देखकर वे घबरा गई थी। दोनों मौके पर गोगोई के साथ समीर था। उसने उन्हें चेतावनी दी थी कि रेड के बारे में किसी को जानकारी न दें।

महिला की मां का कहना है कि उनकी लड़की की उम्र 17 साल है। लेकिन पुलिस का कहना है कि लड़की बालिग है। लड़की का बयान लेकर उसे छोड़ दिया गया है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mother, woman, alleges, Major Gogoi, raided, Midnight, hotel
OUTLOOK 25 May, 2018
Advertisement