Advertisement
19 May 2018

कर्नाटक LIVE: बहुमत परीक्षण से पहले ही येदियुरप्पा का इस्तीफा

कर्नाटक में बहुमत जुटाने की सारी कोशिशें विफल रहने के बाद मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने विश्वास मत हासिल करने से पहले ही इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि कहा कि मैं विश्वास मत का सामना नहीं करूंगा और इस्तीफा देने जा रहा हूं।  उनके इस्तीफा देते के साथ ही कर्नाटक में भाजपा की तीन दिन पुरानी सरकार गिर गई।

उन्होंने कहा कि सत्ता गंवाना उनके लिए कुछ भी गंवाने जैसा नहीं है। मेरा जीवन लोगों के लिए है। येदियुरप्पा ने कहा कि लोगों ने हमें 104 सीटें दी। बहुमत कांग्रेस या जेडीएस के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि लोग हमें 104 की जगह 113 सीटें देते तो हम राज्य को स्वर्ग बना देते। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 28 में से 28 सीटें भाजपा जीतेगी। येदियुरप्पा ने कहा कि मैंने दो साल तक राज्य का दौरा किया और लोगों के चेहरे पर पीड़ा देखी। उन्होंने कहा कि जितना प्यार लोगों ने मुझे दिया है उसे मैं कभी भूला नहीं सकता।

-कांग्रेस के गायब दोनों विधायकों आनंद सिंह और प्रताप गौड़ा पाटिल ने भी विधानसभा में विधायक के रूप में शपथ ले ली है। इससे कांग्रेस खेमे में खुशी लौट आई है।

Advertisement

-कांग्रेस के गायब दोनों विधायक आनंद सिंह और प्रताप गौड़ा पाटिल विधानसभा पहुंच गए हैं। ये दोनों बेंगलूरू के होटल गोल्ड फिंच में मिले थे। प्रताप गौड़ा पाटिल ने यहां पहुंच कर लंच भी किया। उनके साथ कांग्रेस के डीके सुरेश और दिनेश गुंडु राव भी थे। जेडीएस के एक विधायक के गायब रहने की खबर थी वह भी विधानसभा पहुंच गए हैं। पहले ये अनुमान लगाया जा रहा था कि कांग्रेस और जेडीएस के कई विधायक विधानसभा नहीं आएंगे जिससे भाजपा के लिए बहुमत साबित करना आसान हो जाएगा। लेकिन जब सारे विधायक पहुंच गए हैं तो यह अटकलें तेज हो गई हैं कि येदियुरप्पा विश्वास मत हासिल करने से पहले ही इस्तीफा दे सकते हैं।

-बहुमत साबित करने के लिए भाजपा की राह काफी कठिन होती जा रही है। न्यूज चैनल TV9 के मुताबिक बीएस येदियुरप्पा इस्तीफा दे सकते हैं। कांग्रेस के डीके शिवकुमार ने भी कहा है कि वह इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं कि विश्वासमत से पहले ही येदियुरप्पा त्यागपत्र दे सकते हैं।

-बहुमत साबित करने के लिए भाजपा की राह कठिन होती जा रही है। जिस तरह से विधायकों के तोड़ने के प्रयास के कथित ऑडियो सामने आ रहे हैं उससे लग रहा है कि उनकी यह कोशिश नाकाम हो सकती है।

पुलिस ने कांग्रेस के गायब दोनों विधायकों आनंद सिंह और प्रताप गौड़ा पाटिल को खोज निकाला है। ये दोनों बेंगलूरू के होटल गोल्ड फिंच में मिले। इनमें से एक आनंद सिहं होटल से बाहर निकल चुके हैं।

जेडीएस के सभी विधायक 38 विधायक विधानसभा में मौजूद हैं। सिर्फ कांग्रेस के दो विधायक गायब हैं। 

-मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे विजेंद्र का एक कथित आडियो लीक हुआ है जिसमें वे कांग्रेस विधायक की पत्नी को अपने पति से येदियुरप्पा के पक्ष में वोट देने के लिए कह रहे हैं। कांग्रेस नेता वीएस उग्रप्पा के अनुसार विजेंद्र में विधायक की पत्नी को कहा कि वे आपके पति को मंत्री बना देंगे या 15 करोड़ रुपये दे देंगे।   

-कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि उनके पास छह कथित ऑडियो टेप हैं जिसमें भाजपा नेता कांग्रेस विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इनमें से तीन कथित टेप लीक हो चुके हैं। तीन और के भी सामने आने की उम्मीद है। हालांकि भाजपा ने इस तरह के किसी भी प्रयास को खारिज किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि येदियुरप्पा ने खुद विधायक बीसी पाटिल को तोड़न की कोशिश की।

- कर्नाटक विधान सभा में नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के दौरान जब कांग्रेस के दो विधायक आनंद सिंह और प्रताप गौड़ा पाटिल का नाम पुकारा गया तो वे शपथ लेने नहीं पहुंचे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने भी इन दोनों के विधानसभा नहीं पहुंचने की बात स्वीकार की। समाचार एजेंसी एएनआइ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि गायब कांग्रेसी विधायक आनंद सिंह और प्रताप गौड़ा पाटिल भाजपा विधायक जी सोमशेखर रेड्डी के साथ हैं। राज्य की डीजीपी नीलम एन राजू इस बात की तहकीकात करने जा रही हैं कि उन्हें उनकी इच्छा के खिलाफ तो कहीं नहीं रखा गया है।

-मोइली ने कहा कि फ्लोर टेस्ट के दौरान भाजपा की पोल खुल जाएगी। उनके पास मात्र 104 विधायक हैं और वे हमारे विधायकों के खरीदने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जो दो विधायक अभी नहीं पहुंचे हैं वे भी हमारे साथ आ जाएंगे। जेडीएस के एक विधायक के भी विधानसभा नहीं पहुंचने की बात कही जा रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: karnatka, two, mlas, congress, oth
OUTLOOK 19 May, 2018
Advertisement