Advertisement
02 January 2021

झारखंडः वेईंग मशीन फेल, रिमोट से डंडी मार रहे दुकानदार, 60 किलो मटर को कर दिया 42 किलो

FILE PHOTO

मछली बाजार हो या सब्‍जी बाजार कम वजन तौलने की शिकायत आम है। इलेक्‍ट्रॉनिक वेइंग मशीन आई तो लोग निश्चितं हुए। मगर यह क्‍या इसमें भी लोगों ने भी गुंजाइश निकाल ली है। रिमोट कंट्रोल से इसे नियंत्रित किया जा रहा है। रांची के बेड़ो में ही ताजा मामला सामने आया है जब थोक मंडी में सब्‍जी बेचने आये किसान के 60 किलो मटर को रिमोट से नियंत्रित कर वेईंग मशीन पर 42 किलो कर दिया गया। पुलिस पता कर रही है कि इस तरह से और मंडियों में तो खेल नहीं हो रहा।

विवाद बड़ा तो बेड़ो में सब्‍जी बेचने पर वजन को लेकर विवाद बढ़ा तो मामला पुलिस तक जा पहुंचा। सब्‍जी उत्‍पादक, बिन्‍नी की शिकायत पर पुलिस ने संज्ञान लिया और घोटाला देख थोक दुकान मालिक टुटू रज्‍जाक के कर्मचारी मो रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। टुटू मौके से भाग निकला। मटर बेचने आये बिन्‍नी ने टुटू से बात की दाम तय हो गया। टुटू ने अपने कर्मचारी को वजन मापने के लिए कहा। मगर रिजवान ने 60 किलो मटर को रिमोट कंट्रोल से 42 किलो कर दिया। बिन्‍नी को शक हुआ क्‍योंकि वह खेत से तौल कर ही मटर लाया था। विरोध किया, शोर मचाया तो दूसरे किसान भी जुट गये। रिजवान को पकड़कर बांधा और तलाशी ली तो जेब से रिमोट निकला। तब उसे बेड़ो पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण एसपी नौशाल आलम के अनुसार रिजवान ने तौल में हेराफेरी की बात स्‍वीकार की है। रांची पुलिस अब दूसरी मंडियों में इस तरह रिमोट से डंडी मारने वालों की पड़ताल में जुट गई है ताकि किसान ठगे नहीं जायें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 02 January, 2021
Advertisement