Advertisement
03 August 2023

झारखंडः आदिवासी महोत्सव में दिखेगा जनजातीय संस्कृति का रंग, ये कार्यक्रम भी होंगे शामिल

file photo

रांची। झारखण्ड समेत पूरे देश की आदिवासी संस्कृति, परम्परा, वेशभूषा और खानपान का अनोखा संगम 9 एवं 10 अगस्त को आयोजित झारखण्ड आदिवासी महोत्सव  में देखने को मिलेगा। महोत्सव में अरुणाचल प्रदेश, असम, आंध्रप्रदेश, ओडिशा, राजस्थान के जनजातीय समुदाय के मेहमान अपनी परम्परा और संस्कृति से राज्यवासियों को रूबरू कराएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नागपुरी, सराइकेला छऊ, डोमकच, पायका समेत अन्य नृत्यों की प्रस्तुति कलाकारों द्वारा की जाएगी।

विचार-विमर्श और सेमिनार भी

एक ओर जहां लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे वहीं दूसरी ओर, आदिवासी भाषा के समक्ष चुनौती और अवसर, आदिवासी युवाओं के लिए उद्यमिता, जनजातीय व्यंजनों का विपणन, कृषि पारिस्थितिकी की प्रासंगिकता और महत्व समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा और परिचर्चा का आयोजना होगा। सेमिनार के जरिए आदिवासी इतिहास, मानवशास्त्र, आदिवासी अर्थव्यवस्था – एक वैकल्पिक अर्थव्यवस्था की परिकल्पना, जनजातीय साहित्य-काल्पनिक और गैर-काल्पनिक जैसे विषयों पर लोग अपनी बातों को रखेंगे।

Advertisement

फिल्मों का प्रदर्शन और रैली

 महोत्सव में 32 ट्राइब्स की रीझ रंग रसिका रैली निकाली जाएगी।ट्राइबल फिल्म फेस्टिवल का भी आयोजन होगा। जिसमें पहाड़ा, एड्पा काना, डीबी दुर्गा, बरदु, रवाह, सोंधैयानी, अबुआ पायका, द वॉटरफॉल, बैकस्टेज, सम स्टोरीज अराउंड विचेज, लाको बोदरा, छैला, द अगली साइड ऑफ ऑफ ब्यूटी, बंधा खेत, बठुन्दी, अजतान्त्रिक जैसी फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त ड्रोन शो, लेज़र शो, आतिशबाजी और ट्राइबल फैशन शो का भी आयोजन होगा। दो दिनों तक आयोजित इस महोत्सव में 32 स्टाल आदिवासियों के होंगे। जो अलग - अलग आदिवासी समुदाय को रिप्रेजेंट करेंगे। साथ ही, विभिन्न विभागों और सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के भी स्टाल लगाए जायेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 03 August, 2023
Advertisement