Advertisement
20 October 2021

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की देन- कांग्रेस, कहा- इनके पास न नीति न नियत

कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को जुब्बल में भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने ग्राम पंचायत बढ़ाल के शडहाना में जनआशीर्वाद कार्यक्रम के तहत कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में जनसभा की।

पूर्व विधायक रोहित ठाकुर जुब्बल कोटखाई उपचुनाव में बीजेपी के बागी उम्मीदवार चेतन ब्राग्ता और बीजेपी की नीलम सरायेक का मुकाबला है। पूर्व मंत्री नरेंद्र ब्रागता की मृत्यु के बाद यह सीट खाली हुई थी।

उपचुनावों में प्रचार को धार देने के लिए अपने छह दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए सुक्खू ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार प्रदेश के लिए भाजपा सरकार की सबसे बड़ी देन हैं। राज्य को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार के पास नीति है न नीयत।

Advertisement

बकौल सुक्खू, प्रदेश में 14 लाख बेरोजगार युवाओं की फौज खड़ी हो चुकी है। प्रदेश सरकार रोजगार के अवसर उत्पन्न करने में पूरी तरह विफल रही है। नए उद्योग व निवेश न आने से प्रदेश में रोजगार खत्म हो रहे हैं। डबल इंजन सरकार का नारा देने वाली भाजपा प्रदेश के लिए केंद्र से कोई बड़ा पैकेज नहीं ला पाई। चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन प्रोजेक्ट अधर में लटके होने से नए उद्योग नालागढ़, बद्दी-बरोटीवाला की तरफ रुख नहीं कर रहे। 

कोरोना के कारण बदली परिस्थितियों ने प्रदेश के सेब उत्पादक किसानों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। उन्हें सेब के उचित दाम नहीं मिल रहे। जिससे लाखों रुपये का नुकसान इस बार हुआ। 2014 के लोकसभा चुनाव में बाहरी सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने का झूठा वादा कर भाजपा ने प्रदेश के किसानों के साथ बड़ा धोखा किया। आज तक वह वादा अधूरा है।वीरों का सम्मान करने में भी भाजपा असफल रही है। सरहद पर रोजाना सैनिक शहीद हो रहे हैं, लेकिन 56 इंच का सीना कहीं दिखाई नहीं दे रहा।  

सुक्खू ने इस मुद्दे पर प्रदेश व केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी हिमाचल आते हैं तो प्रदेश को अपना दूसरा घर बताते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी इसी प्रदेश से हैं, लेकिन किसानों को बड़ी राहत देने के लिए आज तक सेब पर आयात शुल्क नहीं बढ़वा पाए। प्रदेश को भाजपा सरकार ने नशाखोरी के दलदल में झोंक दिया है। प्रदेश में सूखे व सिंथैटिक नशे की तस्करी पहले की तुलना कई गुणा बढ़ी है। रोजगार न मिलने से हताश, निराश युवा नशे के गिरफ्त में फंस रहे हैं। इससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। सरकार इस बारे में ठोस कदम उठाने के बजाए मूकदर्शक बनी हुई है। 

प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत दिलाने में भाजपा सरकारें कोई ठोस कदम नहीं उठा रहीं। खाद्य पदार्थों के साथ ही सरसों तेल, रसोई गैस सिलिंडर व पेट्रो पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। किसी भी सरसों तेल की एक बोतल बाजार में 200 रुपये से कम नहीं मिल रही। ब्याज-टमाटर प्रति किलोग्राम साठ व अस्सी रुपये मिल रहे हैं। रसोई गैस का सिलिंडर 1000 रुपये तक पहुंच गया है। एक लीटर पेट्रोल की कीमत 100 तक पहुंच चुकी है। उन्होंने जुब्बल कोटखाई की जनता से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस की जीत से ही भाजपा सरकार की नींद खुलेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कांग्रेस विधायक, ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, भाजपा सरकार, पूर्व विधायक रोहित ठाकुर जुब्बल, Congress MLA, Thakur Sukhwinder Singh Sukhu, BJP Govt, Former MLA Rohit Thakur Jubbal
OUTLOOK 20 October, 2021
Advertisement