Advertisement
18 July 2023

‘‘INDIA’’ गठबंधन दृढ़ संकल्पित देश की रक्षा के लिए, उखाड़ फेंकनी है बीजेपी सरकार: बृजलाल खाबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर विधानसभा चुनाव 2022 के प्रत्याशियों की दूसरे चरण की बैठक प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्पन्न हुई।

बृजलाल खाबरी ने कहा कि हम सबको पूरी मजबूती के साथ जनविरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। पूरे देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई है जिसमें एक तरफ देश के संस्थानों को बेचने वाले दूसरी तरफ देश को बचाने वाले हैं। अब तो दो ध्रुवों में अधिकांश दलों का समागम हो रहा है। एक तरफ लोग एनडीए का हिस्सा हैं जो पिछले नौ वर्षों से देश के संस्थानों की नीलामी में व्यस्त हैं उन्हें महंगाई, बेरोजगारी, भुखमरी, महिला उत्पीड़न, किसान उत्पीड़न, नहीं दिख रहा है, दूसरी तरफ ‘‘INDIA’’ ( इंडियन नेशनल डेवलपमेन्टल इन्क्लूसिव एलायंस) का गठबंधन है, जिसका देश की आजादी एवं निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा संविधान में निहित भारत के विचार की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प हैं।

खाबरी ने कहा कि इस गठबंधन के लोग लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राज्य सरकारों के संवैधानिक अधिकारों पर भाजपा सरकार द्वारा जारी हमले का मुकाबला करने और सामना करने के लिए दृढ़ संकल्प हैं। इन दो ध्रुवों की चुनावी लड़ाई में निश्चित रूप से कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के गठबंधन ‘‘INDIA’’ को 2024 में जनता का मतदान रूपी आशीर्वाद प्राप्त होगा। हम सबको पूरी निष्ठा से बूथ स्तर तक जाकर लोगों को जागरूक करना है तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करना है।

Advertisement

चुनाव की तैयारी बैठक में आये हुए विगत चुनाव के प्रत्याशियों ने एक-एक कर अपने सुझाव दिये। उपस्थित लोगों ने कहा कि हर संभव प्रयास कर लोकसभा का चुनाव जीतना ही हमारा लक्ष्य है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लोगों में काफी उत्साह है। तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय रूप से लोगों के बीच जा रहे हैं, इस बार जनता हमारी बातों को गंभीरता से सुन रही है। कांग्रेस के उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने जनपदों में काफी संख्या में अन्य दलों से आये हुए लोंगों के पार्टी में शामिल होने की भी बात कही।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 18 July, 2023
Advertisement