Advertisement
29 August 2017

मुंबई में आफत बनी बारिश, सड़कों पर नदी-सा नजारा, यातायात ठप

मुंबई में शनिवार से लगातार बारिश होने के कारण शहर की सड़कों पर नदी जैसा नजारा दिखने लगा है। जगह-जगह जलजमाव हो गया है। लगातार बारिश से शहर में आम जनजीवन और यातायात बुरी तरह बाधित हो गया है। इस बरसात ने यहां का एक दशक से भी पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 

यातायात बाधित

मुंबई में आज सुबह से तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से आमजन की मुसीबत शुरू हो गई है। शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है। इसके साथ ही वेस्टर्न लाइन पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी ठप हो गई है। भारी बारिश के चलते पानी रेल पटरियों पर भर गया है।

Advertisement

 पीटीआई के मुताबिक, छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने कहा कि उड़ानें औसत 35 मिनट की देरी से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है यानी पायलटों के ‌लिए साफ देख्‍ा पाना ‌मुश्किल है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि डायवर्जन और आसपास जाने के लिए मुख्य रनवे खुला है।

CM ने किया डिजास्टर मैनेजमेंट कंट्रोल रूम का मुआयना

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट कंट्रोल रूम का मुआयना किया। उन्होंने मीडिया को बताया कि सरकार ने मुंबई में भ्‍ाारी बारिश्‍ा के चलते सभी सरकारी कर्मचारियों को जल्द ही घर पहुंचने के लिए कहा है।  मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से अपील की है कि मंगलवार को जल्दी घर लौट जाएं।


शहर के इन जगहों पर है जलभराव

लगातार हो रही बारिश के बाद हिंदमाता, परेल, किंग सर्कल, लाल बाग पश्चिम और उत्तर-पूर्वी उपनगर में कई जगहों पर पानी भर गया है। वहीं, वर्ली, जोगेश्वरी, अंधेरी के कई सबवे में भी पानी भर गया है। बारिश ने कई घरेलू उड़ानों पर भी असर डाला है।  

24 घंटे में 152 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड

सोमवार सुबह से मंगलवार सुबह तक 152 मिमी की बारिश रिकॉर्ड की गई। वर्ली में 63.75 मिमी, भायखला में 78.21 मिमी, भांडुप में 90.63 मिमी और विक्रोली में 111.96 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।  

हाईटाइड की चेतावनी

 मौसम अधिकारियों का मानना है कि ये 26 जुलाई, 2005 के बाद से भारी बारिश हो सकती है। उस समय शहर बाढ़ से तबाह हो गया था। आज भी लगातार बारिश के कारण मुंबई नगरी पानी में डूब गई है। अगर शाम तक ऐसे ही बारिश जारी रही, तो बाढ़ की संभावना है। इसके साथ ही अधिकारियों ने शाम में हाईटाइड की चेतावनी भी दी है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र कोलाबा ने अगले 24 से 48 घंटों तक लगातार बारिश होने की उम्मीद जताई है। भारी बारिश की वजह से मुंबई में हाईटाइड और पूरे महाराष्ट्र में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

24 घंटों में BMC ने दर्ज की इन घटनाओं की रिपोर्ट

शहर में लगातार बारिश होने के कारण दीवार ढहने, शॉर्ट सर्किट और पेड़ गिरने जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं। बीएमसी ने पिछले 24 घंटों में दीवार ढहने की तीन घटनाएं, शॉर्ट सर्किट की 16 घटनाएं और गिरने वाले पेड़/ शाखाओं की 23 घटनाएं दर्ज की हैं।

आयरन फ्रेम गिरने से चार जख्मी

मुंबई के वीपी रोड पर मंगलवार को पोस्टर लगाने वाले आयरन का एक फ्रेम गिरने से चार लोग जख्मी हो गए। उन्हें सैफी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया।

आपदा प्रबंधन दलबीएमसी अलर्ट पर 

मुंबई में बारिश के कारण आपदा प्रबंधन दल, बीएमसी नियंत्रण रूम अलर्ट पर है। यहां आज सुबह से तेज बारिश हो रही है। मुंबई के अलावा साउथ गुजरात, कोंकण और गोवा, कोस्टल कर्नाटक और केरल में भी भारी बारिश जारी है।

सोशल मीडिया

सोशल मीडिया पर #MumbaiRains हैशटैग के साथ आम नागरिक बारिश से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहे हैं। इन फोटोज़ और वीडियो में कुछ लोग बारिश का मजा लेते दिख रहे हैं तो बहुत से लोग अपनी परेशानियों को सार्वजनिक कर रहे हैं।

  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Heavy, rain, Mumbai
OUTLOOK 29 August, 2017
Advertisement