Advertisement
29 July 2021

रेप की घटना पर गोवा सीएम के बयान पर बवाल, कहा- 'बच्चे पूरी रात बीच पर रहें, तो पेरेंट्स को सोचना चाहिए’

फाईल फोटो

गोवा में एक बीच पर दो नाबालिग लड़कियों से हुए कथित सामुहिक बलात्कार के मामले में विधानसभा में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा की गई टिप्पणी पर विवाद छिड़ गया है। प्रमोद सावंत ने विधानसभा में कहा था कि माता-पिता को आत्मनिरीक्षण करने की आवश्यकता है कि उनके बच्चे देर रात समुद्र तट पर क्यों थे। उनके इस बयान पर विपक्ष हमलावर हो गया है और इसे शर्मनाक बताया जा रहा है।

सावंत ने बुधवार को सदन में बहस के दौरान कहा था जब 14 साल के बच्चे पूरी रात समुद्र तट पर रहते हैं, तो माता-पिता को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। सिर्फ इसलिए कि बच्चे नहीं सुनते हैं, हम सरकार और पुलिस पर जिम्मेदारी नहीं डाल सकते हैं।

गृह विभाग संभालने वाले सावंत ने कहा था कि अपने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी माता-पिता की है और उन्होंने संकेत दिया कि उन्हें अपने बच्चों, विशेष रूप से नाबालिगों को रात में बाहर नहीं जाने देना चाहिए।

Advertisement

गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता अल्टोन डीकोस्टा ने गुरुवार को कहा कि तटीय राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने कहा 'रात में घूमते वक्त हमें क्यों डरना चाहिए? अपराधियों को जेल में होना चाहिए और कानून का पालन करने वाले नागरिकों को स्वतंत्र रूप से घूमना चाहिए।'

गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने कहा कि यह शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “नागरिकों की सुरक्षा पुलिस और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। यदि वे हमें यह प्रदान नहीं कर सकते हैं, तो मुख्यमंत्री को पद पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है। ”

इस मामले में निर्दलीय विधायक रोहन खुंटे ने ट्वीट किया कि यह हैरान करने वाली बात है कि गोवा के मुख्यमंत्री रात में बच्चों को बाहर निकलने की अनुमति देने के लिए माता-पिता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और दावा कर रहे है कि रात को बाहर जाना सुरक्षित नहीं है। अगर राज्य सरकार हमें हमारी सुरक्षा का आश्वासन नहीं दे सकती, तो कौन दे सकता है? गोवा में महिलाओं के लिए सुरक्षित राज्य होने का इतिहास रहा है, लेकिन भाजपा की सरकार में यह तमगा खो रहा है।

बता दें कि गोवा में रविवार को राजधानी के लगभग 30 किलोमीटर दूर बेनॉलिम बीच पर चार लोगों ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर दो लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया था। चारों आरोपियों में से एक सरकारी कर्मचारी है। सावंत ने विधानसभा में बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गोवा गैंगरेप केस, गोवा के मुख्यमंत्री, प्रमोद सावंत, सदन में रेप केस पर बवाल, सीएम सावंत का बयान, Goa gang rape case, Goa Chief Minister Pramod Sawant, ruckus in the house on rape case, CM Sawant's statement
OUTLOOK 29 July, 2021
Advertisement