Advertisement
17 September 2021

पिता घर-घर पूजा करा कर चलाते हैं गृहस्थी, बेटे ने बिना कोचिंग पास किया जेईई-मेन्स

प्रतिकात्मक तस्वीर

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक पुजारी के बेटे ने जेईई मेन्स पास कर लिया है। दरअसल, पंडित अशोक तिवारी के बेटे दूधनाथ तिवारी ने आईआईटी तक पहुंचने की पहली सीढ़ी पास करके पिता का सपना पूरा कर दिया। पिता घर-घर जाकर पूजा पाठ कराते हैं और उसी आमदनी से शहर में किराए के मकान लेकर बेटे को पढ़ाते थे।

उसी मकान में जमीन पर बैठकर दूधनाथ ने सेल्फ स्टडी करके जेईई मेन्स पास कर लिया। आजतक की खबर के मुताबिक, दूधनाथ तिवारी को जेईई मेन्स में 548वां स्थान मिला। जेपी कॉलोनी चंदवारा के दूधनाथ तिवारी अपने पिता के साथ रहता है। पिता अशोक तिवारी घर-घर जाकर पूजा पाठ कराते हैं। उसी से जो आमदनी होती है, उससे परिवार का भरण पोषण होता है।

देश की कठिनतम और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक जेईई-मेंस की परीक्षा पास करके देश में 548वां स्थान प्राप्त किया है। पिता अशोक तिवारी ने बताया कि काफी गरीबी में रहकर यह पढ़ाई किया है, यह खुद पढ़ाई करता है, मुझे इससे कभी यह नहीं कहना पड़ा कि तुम पढ़ाई करो, हमेशा यही कहना पड़ता था कि अब पढ़ाई बंद करो अब कल पढ़ना।

Advertisement

अशोक तिवारी ने कहा कि हमें इस लड़के पर गर्व है और हमें लगता है कि आगे चलकर यह लड़का हमारे इलाके का नाम रोशन करेगा, हम चाहते हैं कि जेईईएडवांस में अच्छा करे और अच्छे कॉलेज में इसका नामांकन हो।

अशोक तिवारी काफी भावुक होकर बताते हैं कि यह ईश्वर की कृपा ही है कि मेरा लड़का यहां तक पहुंच गया, हम तो किसी तरह पूजा पाठ करके घर का खर्च चलाते हैं और अपने बच्चे पर खर्च करते हैं। वहीं, बेटे दूधनाथ ने बताया कि काफी कठिन था क्योंकि आर्थिक समस्या भी है, लेकिन मेहनत और माता पिता एवं भगवान के आशीर्वाद से सफलता मिली है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Bihar, Muzaffarpur, Father, worship, son, passed JEE-Mains, without coaching
OUTLOOK 17 September, 2021
Advertisement