Advertisement
10 December 2015

महंगी शराब के भी शौकीन थे पकड़े गए आईएएस अधिकारी

पीटीआइ

सीबीआई द्वारा आधिकारिक रूप से दी गई जानकारी के अनुसार दिल्‍ली और उसके आसपास के शहरों में सिंह परिवार के पास 8 अचल संपत्तियां हैं जिसमें से एक तो दक्षिणी दिल्ली के पॉश सफदरजंग एन्‍क्लेव इलाके में हैं। तीन संपत्तियां नोएडा में हैं, दो-दो गुड़गांव और ग्रेटर नोएडा में हैं। सभी संपत्तियों का मूल्य 20 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। वैसे सीबीआई ने आधिकारिक रूप से नहीं बताया है लेकिन एजेंसी के सूत्र बताते हैं कि संजय प्रताप सिंह के चार ठिकानों पर मारे गए छापे में और भी कई दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा करीब 300 बोतल महंगी विदेशी शराब भी मिली है जिसमें प्रीमियम क्वालिटी की स्कॉच व्हिस्की भी शामिल है। इसके अलावा सिंह को महंगी घड़ियों का शौकीन भी बताया जा रहा है। सीबीआई अब इनकी सभी संपत्तियों का विवरण खंगाल कर यह पता करने की कोशिश कर रही है क्या सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी बनाया जा सकता है?

केजरीवाल ने मोदी-राजनाथ से मांगा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो

इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भ्रष्टाचार-निरोधक ब्यूरो (एसीबी) का नियंत्रण छोड़ने और दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार रोधी प्रयासों में सहयोग देने की अपील की। केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, मैं प्रधानमंत्री और राजनाथ जी से अपील करता हूं कि अब वे एसीबी पर अपना नियंत्राण छोड़ दें और दिल्ली सरकार द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार-रोधी प्रयासों को सहयोग दें। हालांकि केजरीवाल ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार इस मामले में असहाय नहीं है और भ्रष्ट लोगों पर काबू पाने के लिए उसके पास कई तरीके हैं।

Advertisement

उन्होंने ट्वीट किया, एसीबी हमारे पास नहीं है, इसका यह अर्थ नहीं है कि दिल्ली सरकार असहाय है। दिल्ली सरकार के पास भ्रष्ट लोगों पर काबू पाने के कई तरीके हैं। इससे पहले केजरीवाल केंद्र पर एसीबी की शक्तियां हथियाने का आरोप लगा चुके हैं। इसके साथ ही केजरीवाल यह भी मांग कर चुके हैं कि भ्रष्टाचार रोधी संस्था आम आदमी पार्टी की सरकार को दे दी जानी चाहिए ताकि वह भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सके। दिल्ली में एससी-एसटी वेलफेयर विभाग के प्रधान सचिव संजय प्रताप सिंह को 2.2 लाख रुपये की रिश्वत लेते सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद कल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि यदि वे लोग भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  सिसोदिया ने यह भी कहा था कि दिल्ली सरकार में किसी भी भ्रष्ट अधिकारी के लिए कोई जगह नहीं है।

सिसोदिया ने कहा था, हम भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। सिंह की गिरफ्तारी का यह संदेश है कि यदि आप भ्रष्ट हैं तो फिर चाहे आप चपरासी हों,  विधायक हों, अधिकारी हों या मंत्री हों... आपको बख्शा नहीं जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: दिल्ली सरकार, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग, प्रधान सचिव, संजय प्रताप सिंह, सीबीआई, गिरफ्तार, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया, नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह
OUTLOOK 10 December, 2015
Advertisement