Advertisement
19 July 2016

मप्र नगरपालिका चुनावों में बीजेपी ने मुंह की खाई

प्रदेश के मैहर और मंडीदीप नगरपालिका तथा ईसागढ़ नगर परिषद के लिए हुए चुनाव में हाल में ही मैहर विधानसभा सीट जीतने वाली भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के धर्मेश घई ने भाजपा के धीरज पांडे को 4 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है। भोपाल से लगे मंडीदीप नगरपालिका में भी भाजपा हार गई है। मंडीदीप में कांग्रेस के बद्रीलाल चौहान ने भाजपा के राजेन्द्र अग्रवाल को 5 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया। अशोक नगर जिले की ईसागढ़ नगर परिषद में कांग्रेस के भूपेन्द्र द्विवेदी ने भाजपा के हरिवल्लभ को हरा दिया।

तीनों नगरपालिकाओं की सीटों पर पहले भाजपा का कब्जा था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान के अलावा पार्टी के कई बड़े नेता और मंत्री तीनों उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने गए थे। मैहर में तो मुख्यमंत्री चौहान ने कई बड़ी घोषणाएं भी की थीं। विधानसभा उपचुनाव के समय इस इलाके के लिए उन्होंने कई योजनाओं का ऐलान किया था, लेकिन जनता ने पालिका चुनाव में उनकी इन ऐलानों पर कोई ध्यान नहीं दिया।


मुख्यमंत्री ने इस चुनाव परिणाम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई है। पार्टी की तरफ से भी हार-जीत को चुनाव को सामान्य बताकर टाल दिया गया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हार की मुख्य वजह प्रत्याशियों का गलत चुनाव रहा है। उधर कांग्रेस ने इस चुनाव परिणाम को जनता की जीत बताया है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जीत के लिए मतदाताओं का आभार जताया है। प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा है कि सरकारी मशीनरी और पैसे का दुरूपयोग कर बीजेपी चुनाव जीतती रही है। अब छोटी जगहों की जनता ने उसे हराकर स्पष्ट संदेश दे दिया है। नगरपालिकाओं की छोटी-छोटी जीत प्रदेश में कांग्रेस के लिये मील का पत्थर साबित होंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, madhya pradesh, shivraj singh chouhan, भारतीय जनता पार्टी, नगरपालिका चुनाव, शिवराज सिंह चौहान
OUTLOOK 19 July, 2016
Advertisement