Advertisement
02 April 2018

बिहार के औरंगाबाद में सांप्रादायिक हिंसा के मुख्य आरोपी भाजपा नेता ने किया आत्मसमर्पण

बिहार के औरंगाबाद में रामनवमी के दौरान हुई हिंसा के मुख्य आरोपी भाजपा नेता अनिल सिंह ने आज यहां कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।


पुलिस के अऩुसार इससे पहले सिंह स्थानीय कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने के दौरान हिरास से भाग गया था। हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उन्हें पुलिस ने कभी गिरफ्तार किया था। औरंगाबाद में रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग के बाद यहां हालात तनावपूर्ण हो गए थे। करीब 150 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

Advertisement

गौरतलब है कि औरंगाबाद में तनाव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। प्रशासन ने उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए थे। शहर में सीआरपीएफ ने फ्लैग मार्च कर मोर्चा संभाला और पूरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इसके बाद यहां स्थित नियंत्रण में आई। हालांक तबतक उपद्रवियों ने बाजारों में जमकर तोड़फोड़ करते हुए करीब 50 दुकानों में आग लगा दी थी। शहर के नावाडीह मोहल्ले और सिन्हा सोशल क्लब में फायरिंग और बमबाजी, जबकि महाराजगंज रोड पर आगजनी की गई थी।

इसके बाद भागलपुर और नवादा में भी सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। भागलपुर में हुए तनाव के आरोपी और केद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उऩ्हें रविवार को भागलपुर कोर्ट में पेश किया गया और इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Aurangabad, violence, bjp, leader, ramnavmi, surrender
OUTLOOK 02 April, 2018
Advertisement