Advertisement
27 October 2017

सीडी कांडः आप कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के मंत्री मूणत की नेम प्लेट पर पोती कालिख

छत्तीसगढ़ के मंत्री की कथित सेक्स सीडी मामले में राज्य की राजनीति गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने मंत्री राजेश मूणत के बंगले पर जोरदार प्रदर्शन किया है। दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, नेता शिवरतन शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर और खुद राजेश मूणत ने रायपुर में प्रेस कांफ्रेंस कर सीडी को पूरी तरह फर्जी करार दिया।

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज राजेश मूणत के बंगले के बाहर लगी नेम प्लेट पर कालिख पोती। आप कार्यकर्ताओं ने नेम प्लेट को उखाड़ने की भी कोशिश की। इस दौरान राजेश मूणत के कार्यकर्ताओं और आप कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। लेकिन इसी बीच पुलिस ने सुझबूझ दिखाते हुए दोनों गुट को अलग कराया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

इधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सीडी मामले के विरोध में प्रदर्शन किया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि पार्टी की छवि को खराब करने के लिए कांग्रेस इस तरह की बात कर रही है।

Advertisement

दूसरी ओर, मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि मेरे राजनैतिक जीवन के 24 साल हो चुके हैं। छोटे पद से लेकर बड़े पद पर रहा हूं पर राजनीति में ऐसी गिरावट मैंने नहीं देखी। किसी की सीडी है तो 500 सीडी बनाने का औचित्य क्या है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले पर जांच कराने को कहूंगा। मेरी चरित्र हत्या का प्रयास है। जिस भी एजेंसी से जांच कराना चाहें, वो करा सकते हैं। मेरे ऊपर जो चीज दिखा रहे हैं वह घिनौना कृत्य करने की कोशिश है। ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं शिवरतन शर्मा ने कहा कि विनोद वर्मा का स्टेटस क्या है, कांग्रेस नेता भूपेश बघेल को बताना चाहिए कि विनोद वर्मा के साथ उनके रिश्ते क्या हैं। शर्मा ने कहा कि चरित्र हनन के खेल में बड़े नेता शामिल हैं। धरमलाल कौशिक ने इस मामले में मूणत के इस्तीफे से सिरे से इनकार कर दिया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chhattisgarh, minister, moonat, aap, cd, छत्तीसगढ़, मंत्री, आप
OUTLOOK 27 October, 2017
Advertisement