Advertisement
30 January 2024

लोकसभा चुनाव: टीएमसी का दावा, पश्चिम बंगाल में ममता भाजपा को शून्य पर ला देगी

तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते कांग्रेस की अधिक जिम्मेदारी है और उसे पश्चिम बंगाल से संबंधित सीटों के बंटवारे का मुद्दा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर छोड़ देना चाहिए। पार्टी ने कहा कि वह राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

यहां बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक के बाद टीएमसी नेता सुदीप बंधोपाध्याय ने संवाददाताओं को बताया, “यदि ममता बनर्जी कांग्रेस और वाम दलों को (विधानसभा चुनावों में) शून्य पर ला सकती हैं, तो यह भाजपा को भी शून्य पर (लोकसभा चुनावों में) पहुंचा सकती है।” उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस बंगाल में कुछ करना चाहती है तो उसे मामला ममता बनर्जी पर छोड़ देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) में सबसे बड़ी पार्टी है और उस पर सबसे अधिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन की सदस्य बनी हुई है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और सीट-बंटवारे की बातचीत को लेकर कांग्रेस के साथ क्षेत्रीय पार्टी की शिकायतों को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुख्य विपक्षी दल ने टीएमसी को यात्रा के बारे में पहले ही सूचित कर दिया होता तो बनर्जी इसमें शामिल हो सकती थीं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी मुख्य नेता को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण जब दिया तब बहुत देर हो चुकी थी। उन्होंने कहा, “हमें राहुल गांधी से कभी निमंत्रण नहीं मिला। हमें कल पार्टी से निमंत्रण मिला। जब यात्रा शुरू हो चुकी है तो इसका क्या मतलब है?” यात्रा बुधवार को पश्चिम बंगाल में पुन: प्रवेश कर रही है। बंधोपाध्याय ने यह भी कहा कि जनता दल (यू) अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गठबंधन से बाहर होना कोई झटका नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Loksabha election 2024, TMC, Trinmool Congress on BJP, West Bengal, Loksabha election 2024
OUTLOOK 30 January, 2024
Advertisement