Advertisement
04 May 2015

संबंधों में अ'विश्‍वास, दिल्‍ली महिला आयोग ने भेजा समन

नई दिल्‍ली। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास अपने कथित संबंधों की वजह से विवादों में घिरते जा रहे हैं। आप की महिला कार्यकर्ता ने दिल्‍ली महिला आयोग से गुहार लगाई है कि कुमार विश्‍वास के साथ उनका नाम जोड़कर उन्‍हें बदनाम किया जा रहा है, जिसके चलते उसकी जिंदगी बर्बाद होने की कगार पर है। महिला के पति ने उसे घर से निकाल दिया है और तलाक की धमकी दी है। वह एक महीने से अलग रहने का मजबूर है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग ने कुमार विश्वास को समन भेजा है। उन्‍हें मंगलवार को आयोग के समक्ष पेश होकर इस मामले में अपना पक्ष करने को कहा गया है। दिल्‍ली महिला आयोग की अध्‍यक्ष बरखा सिंह ने बताया है कि आराेप लगाने वाली महिला आम आदमी पार्टी की ही कार्यकर्ता है। इसलिए कुमार विश्‍वास को सामने आकर उसके सवालों का जवाब देना चाहिए। यह एक महिला की इज्‍जत का सवाल है। वह महिला कुमार विश्‍वास के चुनाव प्रचार में अमेठी भी गई थी। 

 

विश्‍वास की पत्‍नी पर बदनाम करने का आरोप 

Advertisement

दिल्‍ली महिला आयोग से की गई शिकायत में महिला ने कुमार विश्वास के साथ-साथ उनकी पत्‍नी को भी समन भेजने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि इस मामले में पार्टी की वह कार्यकर्ता दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मदद की गुहार लगा चुकी है। महिला ने कुमार विश्वास की पत्नी पर सोशल मीडिया में उसे बदनाम करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि विश्वास की पत्नी यह कहती घूम रही हैं कि उन्होंने उसे विश्वास के साथ अमेठी में उसे रंगे हाथों पकड़ा था। मीडिया पर उसे बदनाम किया जा रहा है। इसके बावजूद अभी तक कुमार विश्वास इन आरोपों का सार्वजनिक खंडन नहीं किया है। महिला ने कहा, मैं चाहती हूं कि कुमार विश्वास इस मामले में बोलें, लेकिन वह एेसा नहीं कर रहे हैं। इसलिए मुझे महिला आयोग जाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत को लेकर उन्हें धमकी भरा फोन भी आया। कुमार विश्‍वास का कहना है कि उन्हें अभी नोटिस नहीं मिला है। वह इस पर उचित तरीके से जवाब देंगे।

 

न साहब से डरेंगे न उनकी पार्टी से - कुमार विश्‍वास 

विश्वास के बचाव में आम आदमी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विश्‍वास पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। विश्वास ने भी इस मामले पर कई ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में लिखा है, Lekin "Modia" ko Satya se Kya matlab? Punjab mein Zawaab milega? यह ट्वीट उन्होंने आप नेता अंकित लाल के उस ट्वीट के जवाब में दिया है जिसमें अंकित ने कहा था कि इस नोटिस में कहीं भी अवैध संबंधोें का जिक्र नहीं है। उस महिला कहा है कि कुछ लोग उसे बदनाम कर रहे हैं और वह इस मामले में कार्रवाई चाहती है। इस मामले के मीडिया में आने के बाद कुमार विश्वास ने कई ट्वीट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनके एक ट्वीट किया कि भाजपा के पुछल्ले और पालतू Modia निजी हमले करके, झूठा अपयश फैला कर बारबार दिल्ली की तीन सीटों का दर्द कम करना चाहते हैं।  विश्वास ने कहा कि उनके बारे में गलत बातें फैलाई जा रही हैं और यह नीचतापूर्ण हरकत है। उन्‍होंने भाजपा और और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, कोई भी बात कहने से पहले न्यूनतम नैतिक अनुशासन होना चाहिए। यह एक नीचतापूर्ण हरकत है। लेकिन वह न तो साहब से डरते हैं और न ही साहब की पार्टी से। 

 

मीडिया पर भी निशाना

आम आदमी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कुमार विश्‍वास का बचाव करते हुए कहा कि मीडिया का एक वर्ग त‍थ्यहीन खबरें चला रहा है। महिला ने उसके खिलाफ अफवाह फैलाने की शिकायत की है। इसमें अवैध संबंधों जैसी कोई बात नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि सभी से अनुरोध है कि हमारे परिवार को बख्श दें। उन्‍होंने इस पूरे मामले में भाजपा के एक प्रवक्ता पर निशाना साधा है। संजय सिंह के अनुसार, भाजपा के ही एक प्रवक्‍ता ने महिला की फोटो ट्वीट की थी और उनके पास इस बात के पक्के सबूत हैं। 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कुमार विश्‍वास, आम आदमी पार्टी, महिला कार्यकर्ता, अरविंद केजरीवाल, अमेठी, अवैध संबंध
OUTLOOK 04 May, 2015
Advertisement