Advertisement
26 April 2016

नेताजी से जुड़ी दो अहम फाइलें इसी साल सार्वजनिक करेगा जापान

गूगल

लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवालों के जवाब में भारत के गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू ने बताया कि जापान के पास मौजूद यह पांच फाइलें नेताजी के संबंध में जानकारी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया, जापान ने हमें बताया है कि वह इस वर्ष के अंत तक पांच में से ऐसी दो फाइलों को सार्वजनिक करेगा लेकिन बाकी तीन फाइलों के बारे में उसने कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई है। रिजीजू ने कहा,  लेकिन हमें उम्मीद है कि जापान बाकी तीन फाइलों को भी सार्वजनिक करेगा। रिजीजू ने यह भी जानकारी दी कि नेताजी से संबंधित दो फाइलें जो प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय के पास थीं उनका कुछ पता नहीं चल पाया है और उन्हें तलाशने के प्रयास जारी हैं।

 

गृह राज्य मंत्री ने बताया कि पीएमओ और गृह मंत्रालय के पास जो फाइलें थीं, समझा जाता है कि वह नेताजी की अस्थियों को रेंकोजी मंदिर से भारत वापस लाने और लालकिले में रखे जाने के बारे में थीं। दोनों फाइलों को तलाशने के प्रयास जारी हैं। रिजीजू ने बताया कि भारत ने उन सभी देशों से दस्तावेज हासिल करने के लिए संपर्क किया है जिनसे नेता जी का संबंध रहा था और उन्होंने भारत की अपील का जवाब दिया है। उन्होंने कहा, आस्ट्रिया, रूस और अमेरिका ने भारत सरकार को बताया है कि उनके पास नेताजी से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं हैं जबकि ब्रिटेन ने बताया है कि उसके पास मौजूद सभी 62 फाइलों को ब्रिटिश लाइब्रेरी को सौंप दिया गया है और वह जनता के लिए उपलब्ध हैं। जर्मनी ने भी बताया है कि नेताजी से जुड़ी फाइलों को सार्वजनिक कर उन्हें अभिलेखागार में रखा गया है।

Advertisement

 

रिजीजू ने बताया कि नेताजी के बारे में पता लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित किए गए दो जांच आयोगों का मानना था कि बोस 1945 में ताइवान में एक विमान हादसे के बाद मारे गए थे लेकिन मुखर्जी आयोग ने पिछले दो आयोगों की जांच को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा,  हम यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि वास्तव में नेताजी को क्या हुआ था। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार ने नेताजी के बारे में अभी तक 150 फाइलों को सार्वजनिक किया है और अब हर माह 25 फाइलों को सार्वजनिक किया जाएगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: जापान, नेताजी, सुभाष चंद्र बोस, महत्वपूर्ण फाइल, सार्वजनिक, फाइल, जापान सरकार, भारत सरकार, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, किरेन रिजीजू, गृह मंत्रालय, लोकसभा, प्रधानमंत्री कार्यालय, गृह मंत्रालय, आस्ट्रिया, रूस, अमेरिका, जर्मनी
OUTLOOK 26 April, 2016
Advertisement