Advertisement
06 April 2020

देश में कोरोना मरीजों की संख्या चार हजार के पार, 117 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ता जा रहा है। आज सुबह जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक राज्यों में कुल 4067 मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 117 लोगों की मौत हो गई। अच्छी बात यह है कि 292 लोग संक्रमण से बचकर पूरी तरह ठीक हो गए।

रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के कुल 505 नए मामले सामने आएं। जिसके बाद कोविड-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या 3,577 हो गई। राज्य-दर-राज्य मामले में इजाफा होता जा रहा है। राजधानी दिल्ली में रविवार को कुल 58 मामले कोरोना के पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 503 हो गई है। जिसमें 320 तब्लीगी जमात के लोग हैं। वहीं, 61 लोग विदेश से लौटने वाले हैं जबकि 18 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 

571 में से 522 मामले तब्लीगी जमात के 

Advertisement

इससे इतर तमिलनाडु में भी रविवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ। तमिलनाडु की स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश के मुताबिक राज्य में कुल 86 मामले नए सामने आए हैं। जिसमें से 85 मामले निजामुद्दीन मरकज जमात से संबंधित पाए गए हैं। जिसके बाद राज्य कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 571 हो गई है, जिसमें तब्लीगी जमातक के 522 मामले हैं।

महाराष्ट्र में अब तक 747 पॉजिटिव मामले

महाराष्ट्र में भी लगातार कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। राज्य में रविवार तक कुल मामलों की संख्या 747 हो गई है। जिसमें 112 नए मामले आए हैं। वहीं राज्य में अब तक इस वायरस ने 45 लोगों की जान ले ली है। सिर्फ मुंबई में रविवार को 8 नई मौतें हुई है। जिसके बाद मुंबई में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है।

यूपी में तीन लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक सूबे में 278 मामले कोविड-19 के पाए गए हैं। जिसमें से 138 मामले तब्लीगी जमात से संबंधित हैं। वहीं, राज्य में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है।

मध्यप्रदेश में अब तक 12 लोगों की मौत

वहीं मध्यप्रदेश में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 193 मामले कोरोना पॉजिटिव के सामने आ चुके हैं। जबकि आंध्रप्रदेश में कोरोना के 252 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। सिर्फ रविवार को 26 नए मामले सामने आए हैं।

इन राज्यों में भी आए नए है

राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 47 नए मामले सामने आएं हैं। जिसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 253 हो गई है। 39 मामले जयपुर से मिले हैं। पंजाब सरकार के मुताबिक राज्य में अब तक 68 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 6 लोगों की मौत इस वायरस से हो चुकी है। राज्य सरकार के मुताबिक 432 लोगों ने दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में पिछले महीने आयोजित धार्मिक समारोह में भाग लिया था जिसमें से 422 लोगों की पहचान की जा चुकी है। जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 350 सैंपल एकत्रित किए गए हैं, जिसमें से  6 पॉजिटिव, 117 निगेटिव और 227 जमातियों का परिणाम नहीं आया है। उत्तराखंड में भी 4 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 26 हो गई है।

तब्लीगी जमात की वजह से मामले हुए दोगुने

इससे पहले रविवार को दैनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूदा हालात के बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल कहा कि तब्लीगी जमात मामले के बाद कोविड-19 मामले 4.1 दिन में हुए दोगुने हुए है, नहीं तो यह 7.4 दिन में होता। इससे पहले शनिवार को दी गई जानकारी में उन्होंने कहा था कि देश में कोविड-19 के कुल मामलों में से लगभग 30 प्रतिशत मामले तब्लीगी जमात घटना से जुड़े हुए हैं। 

27,661 राहत शिविर किए गए स्थापित

वहीं, गृह मंत्रालय की तरफ से जानकारी देते हुए संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि अब तक पूरे भारत में 27,661 राहत शिविर और आश्रय स्थापित किए गए हैं। जिसमें से 23,924 सरकार द्वारा और 3,737 गैर-सरकारी संगठनों द्वारा बनाए गए हैं। इन शिविरों में 12.5 लाख लोगों ने शरण ले रखी हैं। 19,460 खाद्य शिविर भी लगाए गए हैं। जिसमें से 9,951 सरकार की तरफ से और 9,509 गैर-सरकारी संगठनों द्वारा मुहैय्या कराया जा रहा है। इससे करीब 75 लाख लोगों को भोजन मुहैय्या कराया जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Corona, patients, deaths, Covid-19
OUTLOOK 06 April, 2020
Advertisement