Advertisement
29 May 2016

अफ्रीकियों पर हमला: वी के सिंह बोले, मीडिया ने मामूली झड़प को बढ़ा कर दिखाया

आउटलुक

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने मीडिया के उद्देश्य पर सवाल करते हुए कहा, दिल्ली पुलिस से विस्तृत चर्चा की और पाया कि मीडिया राजपुर खुर्द में हुई मामूली झड़प को अफ्रीकी नागरिकों पर हमले के रूप में बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, मीडिया ऐसा क्यों कर रहा है। जिम्मेदार नागरिकों के तौर पर हमें उनसे सवाल करने चाहिए, उनके उद्देश्यों को लेकर सवाल करने चाहिए। पिछले कुछ दिनों में देश भर में अफ्रीकी नागरिकों पर कई हमले हुए हैं जिनमें राष्ट्रीय राजधानी में कांगो के एक युवक की हत्या और हैदराबाद में 23 साल के एक नाइजीरियाई छात्र पर हमले की घटनाएं शामिल हैं। दक्षिण दिल्ली के राजपुर खुर्द इलाके में युगांडा एवं दक्षिण अफ्रीका की दो महिलाओं और कम से कम दो नाइजीरियाई पुरूषों ने मारपीट और आपराधिक धमकी मिलने की शिकायत की है।

 

इसी बीच आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की। सिंह ने दिल्ली पुलिस को हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और समुदाय के लोगों से भरे इलाकों में गश्त तेज करने का निर्देश दिया। सुषमा ने कहा कि इस तरह के इलाकों में संवेदनशील बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वी के सिंह और विदेश मंत्रालय के सचिव अमर सिन्हा से उन अफ्रीकी छात्रों से मिलने को कहा जिन्होंने मंगलवार से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इसी बीच दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में अफ्रीकी नागरिकों पर कथित हमले के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने आज चार लोगों को गिरफ्तार किया और चार अन्य को हिरासत में लिया है।

Advertisement

 

इससे पहले गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हमले की निंदा की और दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक वर्मा को अपने आवास पर बुलाकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। सिंह ने ट्वीट किया, दिल्ली के पुलिस आयुक्त से कुछ अफ्रीकी नागरिकों के खिलाफ हमलों की घटनाओं के संबंध में बात की। इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ईश्वर सिंह ने बताया, बाबू, ओमप्रकाश, अजय और राहुल नाम के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पांचवें आरोपी को चोट पहुंचाने और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोपों में पकड़ा गया है जो नाबालिग है। जांचकर्ताओं ने बताया कि चार और लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। घटनाओं में कम से कम छह अफ्रीकी नागरिक घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार की दोनों घटनाओं के लिए एक में अफ्रीकी नागरिकों द्वारा तेज आवाज में संगीत बजाने और दूसरे में सार्वजनिक रूप से शराब पीने पर स्थानीय लोगों के ऐतराज की वजह बताई।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: केंद्रीय मंत्री, वी के सिंह, राष्ट्रीय राजधानी, अफ्रीकी नागरिक, हमला, झड़प, मीडिया, विदेश मंत्री, सुषमा स्वराज, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली पुलिस, Assault on Africans, V K Singh, Home Minister, Rajnath Singh, Attack, NCR, Delhi Police, Media, Foreign Minister, Sushma
OUTLOOK 29 May, 2016
Advertisement