Advertisement
04 June 2018

13 राज्यों में आज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, कर्नाटक में 5 की मौत

मौसम का कहर ढाना जारी है। दक्षिण भारत में मानसून के आने से कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जबकि उत्तर भारत में तेज गर्मी से लोग तंग हैं। कर्नाटक में बारिश से पिछले 24 घंटों में हुई घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। इस बीच मौसम विभाग ने 13 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, तमिनलाडु, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी आंधी आने की चेतावनी जारी की है।

वहीं अंडमान-निकोबार, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसून के महाराष्ट्र और गोवा की ओर बढ़ने की सभी परिस्थितियां अनुकूल हैं। यहां पिछले दो दिनों से बीच-बीच में बारिश हो रही है। अगले दो-तीन दिनों में मानसून त्रिपुरा, मेघालय के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम पहुंच जाएगा।

Advertisement

दक्षिण के अधिकतर क्षेत्रों में रविवार को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कर्नाटक के कई इलाकों में 7 सेमी बारिश होने से बाढ़ जैसी स्थिति है। नदी और नालों का जलस्तर बढ़ गया है। फसलों को भी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण के लगभग सभी राज्यों, बंगाल की खाड़ी, असम और अरुणाचल प्रदेश में पहुंच गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: weather department, warns, storm, 13 states, died, karnataka
OUTLOOK 04 June, 2018
Advertisement