Advertisement
15 April 2021

दिल्ली में कोरोना का कहर: वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान; मॉल, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम रहेंगे बंद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि हम जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और शादियों के लिए लोगों को कर्फ्यू पास देंगे। मॉल, जिम, स्पा, ऑडिटोरियम को बंद करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सिनेमा हॉल 30% क्षमता पर चल सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अस्पतालों में बेड की कमी नहीं है। दिल्ली में अभी 5,000 से ज़्यादा बेड खाली हैं।

उन्होंने कहा कि एक साप्ताहिक बाज़ार को एक दिन में और एक ज़ोन के हिसाब से अनुमति दी जाएगी। साप्ताहिक बाज़ार में ज़्यादा भीड़ ना हो इसके लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। रेस्टोरेंट में अब बैठ कर खाने की इजाजत नहीं होगी, केवल होम डिलीवरी की अनुमति होगी।

Advertisement

गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान भी कोरोना वायरस के मामलों में भारी वृद्धि जारी रही और इस दौरान 17,000 से अधिक नये मामले सामने आये तथा 104 और मरीजों की मौत हुई जबकि सक्रिय मामले 7,200 से अधिक और बढ़कर 50,000 के पार पहुंच गये। दिल्ली में बुधवार को सक्रिय मामले 7,226 और बढ़कर 50,736 पहुंच गये। राजधानी में नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में कमी होने से सक्रिय मामलों में यह वृद्धि दर्ज की गयी है।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जारी बुलेटिन के अनुसार इस अवधि में 17,282 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 7,67,438 तक पहुंच गयी है जबकि 9,952 और मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 7,05,162 हो गयी। राजधानी में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक रूप से घट कर 91.88 फीसदी पर आ गयी। इस दौरान 104 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आँकड़ा 11,540 पर पहुंच गया। राजधानी में मृत्यु दर महज 1.50 फीसदी रह गयी है। मृतकों के मामले में देशभर में दिल्ली चौथे स्थान पर है।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, दिल्ली, कोरोना वायरस, दिल्ली लॉकडाउन, Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal, Delhi, Corona Virus, Delhi Lockdown
OUTLOOK 15 April, 2021
Advertisement