Advertisement
14 May 2015

राम मंदिर पर राजनाथ के बयान से संत नाराज

त्रिभुवन तिवारी

राम जन्मभूमि न्यास के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व सांसद राम विलास वेदान्ती ने भाषा से कहा कि राजनाथ सिंह के बयान से संत नाराज हैं। उनका मानना है कि भाजपा वादाखिलाफी नहीं करेगी और वायदे के मुताबिक राम मंदिर निर्माण का रास्ता तैयार करने के लिए कानून बनाएगी। वेदान्ती ने कहा कि राजनाथ सिंह जब भाजपा अध्यक्ष थे, तब 2013 के महाकुम्भ के दौरान उन्होंने संतों से वायदा किया था कि यदि सत्ता में आए तो भाजपा मंदिर निर्माण को अमली जामा पहनाने के लिए कानून बनाएगी और अब संत चाहते हैं कि भाजपा अपना वह वायदा पूरा करे।

संसद के उच्च सदन में बहुमत नहीं होने के बारे में राजनाथ की चिन्ता पर वेदान्ती ने कहा कि अक्तूबर 2016 तक सत्ताधारी पार्टी राज्यसभा में आरामदायक स्थिति में आ जाएगी। उन्होंने कहा कि तब तक केन्द्र निर्विवादित 67 एकड भूमि राम जन्मभूमि न्यास को सौंप दे और विवादित भूमि के लिए वह 2016 में कानून बना सकता है। वेदान्ती ने आगाह किया कि यदि भाजपा ने राम भक्तों के साथ विश्वासघात किया और मंदिर निर्माण का रास्ता नहीं तैयार किया तो उन्हें पता है कि उनका भविष्य क्या होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राज्यसभा, राम मंदिर निर्माण, राजनाथ सिंह, अयोध्या, संत, भाजपा, Rajya Sabha, Ram temple, Rajnath Singh, Ayodhya, saint, BJP
OUTLOOK 14 May, 2015
Advertisement