Advertisement
24 May 2016

बिहार से राज्यसभा के लिए राबड़ी, सुशील मोदी, जेठमलानी

बिहार से राज्यसभा के पांच सदस्यों- शरद यादव, केसी त्यागी, पवन वर्मा, आरसीपी सिंह और गुलाम रसूल का कार्यकाल जुलाई में समाप्त रहा है। पांचों सदस्य जनता दल (यू) के हैं। विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से अब जद (यू) के अधिकतम दो सदस्य ही राज्यसभा का मुंह देख पायेंगे। पूर्व पार्टी अध्यक्ष शरद यादव का नाम लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन दूसरा प्रत्याशी कौन होगा इस बारे में केसी त्यागी और पवन वर्मा समेत कई नाम चर्चा में हैं। नीतीश कुमार के भरोसेमंद आरसीपी सिंह के बारे में अटकलें हैं कि उन्हें विधानपरिषद में भेजकर कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।

राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का राज्यसभा में जाना लगभग तय माना जा रहा है। दूसरे प्रत्याशी के लिए मशहूर वकील राम जेठमलानी का नाम लिया जा रहा है। महागठबंधन का हिस्सा कांग्रेस भी हालांकि एक सीट के लिए दबाव बना रही है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जद (यू)-राजद राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए कांग्रेस का और विधानपरिषद चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी को समर्थन देने का फार्मूला तलाश रहे हैं।

उधर 53 सदस्यों के साथ भारतीय जनता पार्टी का एक सदस्य चुना जाना तय है। जानकारों का मानना है कि पार्टी पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को राज्यसभा में भेजने का मन बना चुकी है। हालांकि केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण का नाम भी चर्चा में हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बिहार, राबड़ी देवी, सुशील कुमार मोदी, राज्यसभा चुनाव, विधानपरिषद, चुनाव, नामांकन
OUTLOOK 24 May, 2016
Advertisement