Advertisement
16 January 2018

11 घंटे बाद बेहोशी की हालत में मिले तोगड़िया, लापता होने पर मचा था बवाल

सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया के लापता होने को लेकर जमकर बवाल हुआ। सोमवार सुबह से गायब नेता प्रवीण तोगड़िया शाम को करीब 11 घंटे बाद अहमदाबाद के शाहीबाग इलाके में बेहोशी की हालत में मिले। जिसके बाद उन्हें चंद्रमणि अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक तोगड़िया को बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया था। उनकी शुगर कम हो गई थी और इसके कारण वह अचेत हो गए थे। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत पहले से बेहतर है।

इस बीच वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा है, “पूरे देश में कार्यकर्ता तोगड़िया को लेकर चिंतित थे। किसी को पता नहीं था कि वह कहां गए। हमने सभी कार्यकर्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की थी।” 

Advertisement

प्रवीण तोगड़िया के लापता होने की खबर फैलते ही विहिप कार्यकर्ता सोला पुलिस स्टेशन में एकत्र हो गए। वे पुलिस पर आरोप लगा रहे थे कि उसने तोगड़िया को हिरासत में लिया है। उन्होंने सरखेज-गांधीनगर हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस से तोगड़िया को तुरंत तलाश करने की मांग करने लगे।

 उधर, पुलिस लगातार यही कहती जा रही थी कि उसने तोगड़िया को गिरफ्तार नहीं किया है। सोला पुलिस स्टेशन के निरीक्षक ने कहा कि उनकी टीम ने तोगड़िया को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक राजस्थान पुलिस की टीम तोगड़िया का गिरफ्तारी वारंट तामील किए बगैर लौट गई क्योंकि वे अहमदाबाद में नहीं मिले।

 पुलिस के अनुसार प्रवीण तोगड़िया सुबह विहिप के आफिस में थे। वे वहां से सुबह 11 बजे ऑटो रिक्शा से निकले। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। 

बता दें कि राजस्थान की गंगापुर कोर्ट ने दंगे के एक मामले को लेकर डॉ. प्रवीण तोगड़िया के खिलाफ समन जारी किया था। कई बार जमानती वॉरंट जारी होने के बाद भी वे कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए जिसके बाद कोर्ट ने गैर-जमानती वॉरंट जारी किया था।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Missing, VHP leader Pravin Togadia, found in hospital
OUTLOOK 16 January, 2018
Advertisement