Advertisement
12 February 2021

अमित शाह के भतीजा वाले बयान पर भड़कीं ममता बनर्जी, बोलीं- आपके बेटे का क्या मिस्टर शाह?

file photo

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले टीएमसी और भाजपा के बीच की राजनीतिक लड़ाई तेज होती जा रही है। दोनो ही पार्टी अपने चुनाव प्रचार में एक-दूसरे पर लगातार वार कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता ने कोलकाता में गैर सरकारी संगठनों और नागरिक समाज संगठनों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह पर कई आरोप लगाए। जिसमें उन्होंने कहा "आप लगातार हम पर बुआ-भतीजा कहकर हमला करते हैं। आपके बेटे का क्या श्रीमान शाह? उन्हें इतने पैसे कहां से मिलते हैं।"

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को भाजपा को अपना आरोप साबित करने की चुनौती दी कि उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र द्वारा राज्य को भेजे गए धन का दुरुपयोग किया है। ममता ने कहा कि भाजपा द्वारा यह साबित नहीं कर पाने पर नरेंद्र मोदी सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए।

ममता ने कहा कि शाह नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर बोलने के लिए पश्चिम बंगाल आए हैं, लेकिन वह इसे राज्य में लागू नहीं होने देंगे। हम हमेशा पश्चिम बंगाल में सभी का स्वागत करते हैं, लेकिन अमित शाह ने जो बयान दिए वह गलत हैं। मैं बहुत स्पष्ट रूप से कह रही हूं, गृह मंत्री के ऐसे शब्द अच्छे नहीं लगते। वह एक भी ऐसा शब्द नहीं बोलेंगी जो अशोभनीय हो। सभी राजनीतिक दलों को गरिमा बनाए रखनी चाहिए। शिष्टाचार एकतरफा नहीं हो सकता। यह दोनों तरफ से होना चाहिए।

Advertisement

भाजपा पर सीएम ने लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर लोगों को गुमराह करने के लिए सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और फेक वीडियो फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "किसानों को लूटने के बाद, मुझे अपने धर्म का पालन नहीं करने देने के बाद, दंगे करने के बाद, आप बंगाल चाहते हैं? मैं इन लोगों के सामने नहीं झुकूंगी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में गुंडागर्दी है, लेकिन वह पश्चिम बंगाल में ऐसा नहीं होने देंगी।"

भाजपा से नहीं डरती ममता दीदी
उन्होंने कहा कि बंगाल को शांति से रहने दें। भाजपा को राज्य में सत्ता में नहीं आने देना चाहिए। मैं सभी से बंगाल के सम्मान की रक्षा करने की अपील करती हूं। राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। बनर्जी ने कहा कि वह भाजपा से नहीं डरती। मैं सड़क पर उतरकर लड़ने वाली हूं। मैं आखरी तक लडूंगी। उन्होंने आगे कहा कि एक निष्पक्ष खेल होने देते हैं। वाम और कांग्रेस आपकी (भाजपा की) टीम में हो सकते हैं और हम अकेले लड़ेंगे। मैं केवल एक गोलकीपर बनूंगी और देखते हैं कि आप कितने गोल कर सकते हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव, पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, गृह मंत्री अमित शाह, ममता ने शाह पर लगाए आरोप, West Bengal assembly elections, West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee, Home Minister Amit Shah, Mamta accuses Shah
OUTLOOK 12 February, 2021
Advertisement