Advertisement
22 June 2017

कोविंद के नामांकन पर बीस राज्यों के मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद

google

नामांकन में भाजपा शासित सभी राज्यों के 13 मुख्यमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, जम्मू कश्मीर की महबूबा मुफ्ती, आंध्र प्रदेश के चंद्र बाबू नायडू, तेलंगाना के चंद्रशेखर राव, तमिलनाडु के पालनीस्वामी समेत केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। भाजपा के शीर्ष नेता, कोविंद के प्रस्तावक और सहयोगी दलों के नेता शुक्रवार सुबह संसद के बाल योगी आडिटोरियम में एकत्रित होंगे और यहां से नामांकन के लिए जाएंगे।

नामांकन के लिए संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार और मुख्तार अब्बास नकवी तैयारियों को अंजाम दे रहे हैं। रामनाथ कोविंद सुबह 11 बजे लोकसभा महासचिव अनूप मिश्रा के कक्ष में नामांकन करेंगे। नामांकन के चार सेट भरे जाएंगे। पहले सेट में नरेंद्र मोदी पहले प्रस्तावक और गृहमंत्री राजनाथ सिंह दूसरे प्रस्तावक होंगे। दूसरे सेट में पहले प्रस्तावक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और दूसरे प्रस्ताव वित्तमंत्री अरुण जेटली होंगे। तीसरे में पहले प्रस्तावक पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और दूसरे प्रस्तावक शहरी विकास मंत्री वैंकैया नायडू होंगे। चौथे सेट में पहले प्रस्तावक आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू और दूसरी प्रस्तावक विदेश मंत्री सुषमा स्वराज होंगी। भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव के समन्वय व रणनीति बनाने के लिए दस अकबर को ठिकाना बनाया है। कोविंद की यात्रा के लिए यहीं से रणनीति तैयार की जाएगी। नामांकन के बाद कोविंद कई राज्यों का दौरा भी करेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: kovind, nomination, cm, कोविंद, नामांकन, सीएम
OUTLOOK 22 June, 2017
Advertisement