Advertisement
27 April 2016

बिहार के गांव से तिहाड़ तक के सफर पर किताब लिखेंगे कन्हैया

गूगल

देशद्रोह विवाद के बाद छात्र राजनीति के केंद्र में आए और राष्ट्रवाद तथा मुक्त अभिव्यक्ति पर राष्ट्रव्यापी बहस को जन्म देने वाले कन्हैया कुमार बिहार के एक गांव से शुरू हुए अपने जीवन के सफर पर अब एक किताब लिखेंगे। बिहार टू तिहाड़ शार्षक से आने वाली इस किताब में उनकी स्कूल यात्रा, छात्र राजनीति में उनके बढ़ते जुड़ाव, करीब ढाई महीने पहले उनकी विवादास्पद गिरफ्तारी और उसके बाद की दास्तान को समेटा जाएगा। 28 वर्षीय कन्हैया ने अपनी किताब के बारे में कहा, भगत सिंह ने कहा था किसी को मारना आसान है लेकिन आप विचार को नहीं मार सकते। मैं नहीं जानता यह लड़ाई हमें कहां ले जाएगी लेकिन मैं सोचता हूं कि हमारे विचार किताब के तौर पर इतिहास में स्थायी रूप से उकेरे जाने चाहिए।

 

जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वह अपने तजुर्बे के जरिये भारतीय समाज में निहित अंतर्विरोधों तथा भारत के युवाओं की उम्मीदों, हताशा और संघर्ष के बारे में लिखना चाहते हैं। जगरनॉट प्रकाशन किताब का प्रकाशन करेगा। प्रकाशक चिकी सरकार ने कहा, यह किताब हमारे समय को बयां करेगी। कन्हैया एक आवाज हैं जिसे हर किसी को सुनना चाहिए और हमें गर्व है कि हम जगरनॉट में ज्यादा से ज्यादा रीडरशिप के लिए इसे ला रहे हैं। जमानत पर रिहा होने के बाद कन्हैया ने जेएनयू कैंपस में हिंदी में करीब 40 मिनट का यादगार भाषण दिया था जिसे टीवी और इंटरनेट पर लाखों लोगों ने देखा। वह बिहार में बेगूसराय जिले में बरौनी के निकट बिहट गांव से हैं। पटना में नालंदा खुला विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद वह जेएनयू पहुंचे। फिलहाल वह स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज से अफ्रीकन स्टडीज में पीएचडी कर रहे हैं।

Advertisement

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: जेएनयू, देशविरोधी नारेबाजी, देशद्रोह, गिरफ्तार, छात्रसंघ अध्यक्ष, कन्हैया कुमार, जीवन यात्रा, किताब, बिहार, दिल्ली, तिहाड़ जेल, जीवन का सफर, जगरनॉट प्रकाशन, बिहार टू तिहाड़, भारतीय समाज, अंतर्विरोध, हताशा, संघर्ष, प्रकाशक, चिकी सरकार
OUTLOOK 27 April, 2016
Advertisement