Advertisement
24 January 2022

जेएनयू छेड़छाड़ मामला: पुलिस ने 27 वर्षीय व्यक्ति को किया गिरफ्तार, मामला हुआ दर्ज

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पीएचडी की एक छात्रा के साथ विश्वविद्यालय परिसर में छेड़छाड़ करने के आरोप में रविवार को 27 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी खुद पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि घटना के समय आरोपी नशे में था और उसकी पहचान अक्षय दोलाई के रूप में की गई है।

खबरों के अनुसार गिरफ्तार किया गया व्यक्ति, मूल रूप से पश्चिम बंगाल का निवासी है और ये अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली के मुनिरका में रहता है और भीकाजी कामा प्लेस में मोबाइल रिपेयरिंग की एक दुकान पर काम करता है।

पुलिस ने बताया कि 17 जनवरी की सुबह आरोपी का उसकी पत्नी से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह मायके चली थी, जिससे परेशान दोलाई ने शाम को शराब पी और अपने स्कूटर पर जेएनयू की ओर चल पड़ा। पुलिस ने कहा कि जेएनयू परिसर और उसके आसपास लगे एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण करने के बाद आरोपी की पहचान की गई और उसे पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि दोलाई को तब गिरफ्तार किया गया जब वह अपने किराये के घर में प्रवेश कर रहा था।

Advertisement

पुलिस की माने तो विश्वविद्यालय पहुंचने पर, उसने तीन लड़कियों को परिसर में प्रवेश करते देखा और "बुरे इरादों" के साथ उनका पीछा किया। हालांकि इसके बाद वो परिसर के अंदर एक पीएचडी छात्रा को जॉगिंग करते देखा और जब वह छात्रा सुनसान जगह पर पहुंची तो दोलाई रुका और उससे छेड़छाड़ की। पुलिस ने कहा कि छात्रा ने विरोध किया, जिसके बाद हाथापाई हुई जिसमें दोलाई के एक पैर में चोट लग गई। जब छात्रा ने फोन पर पुलिस को सूचना देने की धमकी दी, तब दोलाई ने फोन छीन लिया और फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी रात करीब 12.45 बजे वसंत कुंज नार्थ पुलिस थाने में जेएनयू के अंदर एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ की पीसीआर कॉल आई थी। जिसके बाद, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) गौरव शर्मा, एसएचओ वसंत कुंज नॉर्थ अन्य स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि वसंत कुंज उत्तर पुलिस थाने में एक महिला के साथ शील भंग करने का मामला दर्ज कर लिए गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: JNU, JNU molestation case, Vasant Kunj, Akshay Dolai, Police FIR, Outlook
OUTLOOK 24 January, 2022
Advertisement