Advertisement
28 April 2020

यूपी के बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के पगोना गाँव में एक शिव मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी है। घटना का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार, हत्या का पता तब चला जब लोग मंगलवार सुबह मंदिर पहुंचे और खून से लथपथ शवों को देखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय जगनदास और 35 वर्षीय सेवादास के रूप में हुई है।

सख्त कार्रवाई का आदेश

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और जिले के अधिकारियों को अपराध स्थल पर पहुंचने और जांच की सूचना देने का निर्देश दिया है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी आदेश दिया है।

आरोपी हिरासत में

एसएसपी बुलंदशहर संतोष सिंह ने कहा कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने दोनों साधुओं के एक सामान को चुराया था जिसके लिए साधुओं ने उसे डांटा था।

क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात

आगे की जांच चल रही है और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। दरअसल ये हत्याएं महाराष्ट्र में पालघर मामले के एक पखवाड़े के भीतर हुई हैं। पालघर में नासिक से सूरत जा रहे दो 'साधु' और उनके ड्राइवर को 16 अप्रैल की रात को लगभग 200 लोगों की भीड़ ने मार दिया था। पुलिस उनको बचाने में नाकाम रही थी।

प्रियंका ने घेरा

बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या पर प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच करके सच सामने लाने की मांग की। प्रियंका ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है।  कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ।
आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।  निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 2 Sadhus, Murdered, Inside Temple, UP's Bulandshahr, Accused Arrested
OUTLOOK 28 April, 2020
Advertisement