Advertisement
09 August 2018

कांवड़‍ियों पर हेलीकॉप्‍टर से फूल बरसाते एडीजी की सोशल मीडिया पर हुई आलोचना

File Photo

दिल्‍ली, हरियाणा, यूपी समेत उत्‍तर भारत के कई राज्‍यों में कांवड़ यात्रा जारी है। लेकिन इस बार कांवड़ यात्रा दूसरी वजहों से चर्चा में है। एक दिल्ली में कार के साथ कांवड़ियों की तोड़-फोड़ और दूसरी वजह यह कि यूपी में मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार हेलीकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर फूल बरसा रहे थे।

अब एडीजी के फूल बरसाने की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है। लोग पूछ रहे हैं कि प्रशासन अगर इस तरह की शह देगा तो कांवड़िये तोड़-फोड़ और हुड़दंग करेंगे ही। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या प्रशासनिक अधिकारी का धार्मिक चीजों में इस तरह शामिल होना जायज है और क्या यह सर्विस कोड का उल्लंघन नहीं है?

Advertisement

वहीं, एडीजी (मेरठ जोन) प्रशांत कुमार ने इस संबंध में बयान देते हुए कहा कि इसे कोई धार्मिक एंगल नहीं दिया जाना चाहिए। फूलों का इस्‍तेमाल लोगों का स्वागत करने के लिए होता है। प्रशासन सभी धर्मों का सम्मान करता है और गुरुपरब, ईद, बकरीद या जैन त्योहारों में भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेता है।

बता दें कि मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के कई इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए कांवड़ मार्गों में 60 से ज्यादा ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही एडीजी ने स्थानीय लोगों, वॉलंटियर्स और जिला पुलिस, रैपिड ऐक्शन फोर्स के अधिकारियों को ‌विशेष निर्देश दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Social media, ADG Meerut, kanwar procession
OUTLOOK 09 August, 2018
Advertisement