Advertisement
18 June 2018

केजरीवाल को शत्रुघ्न सिन्हा का समर्थन, कहा- दिल्ली को मिले पूर्ण राज्य का दर्जा

File Photo

भाजपा के 'बागी' नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार से लगातार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में ट्वीट कर रहे हैं। शनिवार को किए गए ट्वीट में शत्रुघ्न ने अपनी ही पार्टी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी का नाम लिए बगैर कहा, 'डियर सर! दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग बीजेपी की एक मजबूत मांग रही है। अब जब अरविंद इसकी मांग कर रहे हैं तो इसका इतना कड़ा विरोध क्यों? हमें अपने जिद/अहंकार को दिल्ली और इसके लोगों की भलाई के लिए छोड़ देना चाहिए।'

साथ ही शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को भी केजरीवाल के समर्थन में ट्वीट किए, जिसे केजरीवाल ने रीट्वीट भी किया। सिन्हा ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल की अपील के बाद मुझे उम्मीद है कि पीएम हस्तक्षेप करेंगे और हड़ताल खत्म होगी। ये उनकी तरफ से दिल्ली के लोगों और लोकतंत्र के लिए अच्छा कदम होगा। हजारों मील का सफर एक कदम से शुरू होता है। जय हिंद।'

इससे पहले शनिवार को किए गए ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा ने चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों को अरविंद केजरीवाल से मिलने की इजाजत न देने के लिए एलजी की भी आलोचना की। उन्होंने लिखा कि अगर पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को हमारे लोकप्रिय और पसंदीदा मुख्यमंत्री केजरीवाल से मिलने की इजाजत दे दी जाती तो कोई आसमान नहीं गिर जाता। यह बहुत सही वक्त है जब यह समझ जाना चाहिए वे मुख्यमंत्री हमारे देश के लोगों द्वारा इलेक्टेड (निर्वाचित) हैं न कि सेलेक्टेड। यह तानाशाही के एक प्रकार का नमूना है। 

Advertisement

दिल्ली सरकार ने आईएएस अफसरों पर कथित तौर पर हड़ताल और असहयोग का आरोप लगाया है, वहीं आईएएस एसोसिएशन ने इस बात से इनकार किया है। पिछले कई दिनों से अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत दिल्ली के कई मंत्री एलजी अनिल बैजल के आवास पर धरने पर हैं। इस संबंध में रविवार को आम आदमी पार्टी की तरफ से पीएम आवास का घेराव करने के लिए विरोध मार्च भी निकाला गया। मंडी हाउस से शुरू हुए इस मार्च को संसद मार्ग पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। दिल्ली पुलिस का कहना था कि पार्टी ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं ली है। अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर तानाशाही का आरोप लगाया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shatrughan sinha, arvind kejriwal, complete statehood, delhi, bjp, aap, aam aadmi party
OUTLOOK 18 June, 2018
Advertisement