Advertisement
12 April 2018

सीबीएसई दसवीं और बारहवीं के पेपर लीक में एक ही मास्टरमाइंड: क्राइम ब्रांच

ANI

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 12वीं कक्षा के इकोनॉमिक्स के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार टीचर राकेश कुमार ने 10वीं का गणित का पेपर भी लीक कराया था। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 10वीं गणित का पेपर भी हिमाचल प्रदेश के ऊना से ही लीक किया गया था।

न्यूज़ एजेंसी एएनआी के मुताबिक, ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) आलोक कुमार ने गुरुवार को बताया कि 12वीं क्लास के इकनॉमिक्स के पेपर को लीक करने वाला आरोपी राकेश कुमार,10वीं के मैथ्स पेपर लीक में भी शामिल था।

गौरतलब है कि राकेश को क्राइम ब्रांच टीम ने उसके दो और साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। राकेश हिमाचल प्रदेश के ऊना में इकनॉमिक्स पढ़ाता था। उसके साथ स्कूल के क्लर्क और चपरासी को भी गिरफ्तार किया गया था। राकेश ने इन दोनों की मदद से पेपर लीक किया था।

Advertisement

इस मामले की जांच में राकेश कुमार की एक नजदीकी रिश्तेदार का रोल भी पेपर लीक में होने के बात सामने आई है। ये एक महिला बताई जा रही है और पुलिस इसे भी गिरफ्तार कर सकती है। सीबीएसई ने पेपर लीक के चलते 12वीं इकोनॉमिक्स और 10वीं गणित का पेपर रद्द कर दिया था। जिसके बाद 12वीं इकोनॉमिक्स का पेपर 25 अप्रैल को वापस करवाने का फैसला किया है। वहीं, 10वीं बोर्ड का गणित का पेपर दोबारा नहीं करवाया जाएगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rakesh Kumar, who was arrested, for leaking CBSE Class 12th Economics, 10th Maths paper
OUTLOOK 12 April, 2018
Advertisement