Advertisement
20 January 2018

आज 112 'फर्स्ट लेडीज' को सम्मानित करेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

File Photo

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली 112 महिलाओं को आज सम्मानित करेंगे।  इन महिलाओं में पी टी ऊषा, पी वी सिंधु, सानिया मिर्जा, ऐश्वर्या राय और किरण मजूमदार शॉ शामिल हैं।

‘‘फर्स्ट लेडीज’’ नाम की इस पहल में रक्षा बलों, विज्ञान, खेल, उद्योग, मनोरंजन और हॉस्पिटेलिटी जैसे विविध क्षेत्रों से महिलाएं शामिल हैं।

सम्मानित होने वाली 112 महिलाओं में वे महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने विभिन्न रूढ़ियों को तोड़कर अपनी पहचान बनाई। इनमें मंजू (कूली), छवि रजावत (गांव की सरपंच), हर्षिनी कन्हेकर (पहली महिला दमकल कर्मी), सुनालिनी मेनन (एशिया की पहली पेशेवेर महिला कॉफी-टेस्टर) और शतभी बसु (भारत की पहली महिला बार टेंडर) शामिल हैं।

Advertisement

इन हस्तियों ने अपने-अपने क्षेत्र में असाधारण कार्य कर प्रथम महिला बनने के लिए अनेक बाधाओं, मानदंडों और दमन का सामना किया। रक्षा मंत्रालय, खेल मंत्रालय, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, प्रेस क्लिपिंग, इंटरनेट आदि सहित विभिन्न स्रोतों की मदद से 227 महिलाओं की सूची तैयार की गई थी। जजों के पैनल की मदद से उनमें से 112 महिलाओं को चुना गया।

मंत्रालय ने 2015 में फेसबुक के साथ मिलकर उपलब्धि हासिल करने वाली ऐसी 100 महिलाओं की पहचान की थी, जिन्होंने सार्वजनिक कार्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल की है। "फर्स्ट लेडीज" मंत्रालय के "उपलब्धि हासिल करने वाली 100 महिलाएं" अभियान का दूसरा चरण है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: President, to felicitate, 112 women, trailblazers
OUTLOOK 20 January, 2018
Advertisement